Rishikesh News:दून एयरपोर्ट के पास हाईवे पर मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ी – Incidents Of Human-wildlife Conflict Have Increased On The
जौलीग्रांट। देहरादून एयरपोर्ट के पास स्थित भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानव-वन्य जीव संघर्ष के घटनाओं में तेजी आई है। पुलिस चौकी के पास से लेकर एयरपोर्ट टी-प्वाइंट तक लाइटों की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे सड़क पार करते वन्य जीव दिखाई नहीं देते हैं।
बीती रात सड़क पार कर रहे एक हाथी ने बुलेट सवार युवक को कुचलना का प्रयास किया था। जिसमें युवक की जान किसी तरह बच गई। कुछ दिन पहले एयरपोर्ट टी-प्वाइंट पर एक नील गाय वाहन से टकराकर घायल हो गई थी। एनटीआरओ की बाउंड्री से लेकर रानीपोखरी पुल से पहले तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर हाथी, गुलदार, नील गाय व अन्य वन्यजीव थानो और बड़कोट वन रेंज जंगल के बीच आवाजाही करते हैं। भानियावाला से रानीपोखरी की तरफ जाते हुए दाई तरफ का जंगल बड़कोट वन रेंज और बाई ओर का जंगल थानो वन रेंज में है।
पुलिस चौकी से लेकर रानीपोखरी पुल तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर वन्य जीव इन दोनों वन रेंजों के बीच आवाजाही करते हैं। इस करीब एक किलोमीटर मार्ग पर लाइटों की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं बढ गई हैं। सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि यह क्षेत्र हाथी का पारंपरिक गलियारा है। अक्सर डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग को वन्य जीव द्वारा आवाजाही करते हुए क्षतिग्रस्त कर मार्ग पर गिरा दिया जाता है। मार्ग पर गिरी रेलिंग से टकराकर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
एमडीडीए ने एयरपोर्ट के आसपास मार्गों पर काफी सौंदर्यीकरण कार्य किए हैं। लाइट लगाने के लिए एनएच अधिकारियों से बातचीत करनी पड़ेगी। एनएच से कहा जाएगा कि वो खुद लाइटें लगा दें या एमडीडीए को लगाने दें। – बंशीधर तिवारी, एमडीडीए उपाध्यक्ष।
