Rishikesh News:सैनिटरी-हार्डवेयर की दुकान में भड़की भीषण आग, सामान जलकर राख – Major Fire Breaks Out At A Sanitary And Hardware Store
देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर तड़के हुआ हादसा, तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
– लालतप्पड़ से पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट माना जा रहा आग का कारण
जौलीग्रांट। देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर नुन्नावाला (भानियावाला) स्थित एक सैनिटरी-हार्डवेयर की दुकान में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
रविवार तड़के कंट्रोल रूम से फायर ब्रिगेड को हाईवे के किनारे नुन्नावाला में एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लालतप्पड़ फायर स्टेशन से दमकल के दो वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे। दुकान में सैनिटरी और हार्डवेयर का ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। आग की लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग को पूरी तरह से बुझाने में सफल रही। फायर स्टेशन इंचार्ज दिनेश भट्ट ने बताया कि नुन्नावाला में संजोग फार्म के पास गौरव शर्मा की सैनिटरी-हार्डवेयर की दुकान है, जिसमें यह भीषण आग लगी। आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। आग बुझाने में दमकल वाहनों को तीन घंटे से अधिक का समय लगा। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच की जा रही है।
