रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:बोक्सा जनजाति के 44 लोगों को मिले प्रमाणपत्र – 44 Members Of The Buxa Tribe Received Certificates

November 15, 2026


कोटद्वार/कण्वघाटी। हल्दूखाता स्थित एवीएन स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। डीएम पौड़ी के निर्देशन में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बोक्सा जनजाति के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाणपत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए।

हिमालयन जनजातीय समिति की अध्यक्ष प्रभा देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ एसडीएम संदीप कुमार, पार्षद जेपी बहुखंडी और मनीष नैथानी ने संयुक्त रूप से किया। बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और जनजातीय नृत्य प्रस्तुत कर समा बांधा। छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान पर भी प्रकाश डाला। शिविर में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए जनजातीय समाज के गौरव, योगदान और उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा और जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन और बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। शिविर में राजस्व विभाग की ओर से प्रमाणपत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने किसानों को बीज वितरित किए, जबकि डाक विभाग ने आधार कार्ड बनाने और आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम काजल सैनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल, दीपा देवी, उषा देवी, महेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। संचालन सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह पाल ने किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X