Rudraprayag News:आज बंद होंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट, समाधि पूजन का निर्वहन किया – The Portals Of The Kedarnath Temple Will Close Today
कपाट बंद होने के बाद ऊखीमठ रवाना होगी पंचमुखी डोली
संवाद न्यूज एजेंसी
केदारनाथ/फाटा। 11 नवंबर भैयादूज पर बुधवार सुबह 8:30 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इससे पहले मंगलवार रात को मंदिर में समाधि पूजन सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। बुधवार सुबह कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। डोली के गौरीकुंड पहुंचने से पहले गौरी माई मंदिर के कपाट भी छह माह के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
परंपरा के अनुसार मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह चार बजे तक श्रद्धालु बाबा के त्रिकोणीय स्वयंभू शिवलिंग का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सकेंगे। पंच पंडा समिति के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि कपाट बंद होने से पहले भैरवनाथ मंदिर की पूजा-अर्चना बंद कर दी गई है। डोली के गौरीकुंड पहुंचने से पहले हक-हकूकधारियों और मंदिर समिति के कर्मचारियों की मौजूदगी में गौरी माई मंदिर के कपाट भी बंद किए जाएंगे। इधर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा भी मंगलवार को धाम पहुंचे। उन्होंने कपाट बंद होने की प्रक्रियाओं को लेकर मंदिर समिति से अधिकारियों से वार्ता की और दिशा निर्देश दिए। उन्होंने डोली प्रस्थान के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं धाम व पैदल मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा।
केदारनाथ क्षेत्र में चला सफाई अभियान
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने से पूर्व मंगलवार को नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मंदिर परिसर और आसपास बिखरे कूड़े को एकत्र कर नजदीकी एमआरएफ सेंटर पहुंचाया गया जहां कचरे का पृथक्करण और निस्तारण किया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत के सफाई मित्रों ने विभिन्न स्थानों पर सफाई की। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित संस्थाओं और विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए क्षेत्र में सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। संवाद
