गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुद्रप्रयाग

Rudraprayag News:सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मद्महेश्वर मेला शुरू – Madmaheshwar Fair Begins With Cultural Programs

November 19, 2026


मद्महेश्वर की डोली आगमन पर हुआ आयोजन

वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई, स्पोर्ट्स क्लब ऊखीमठ ने जीता मुकाबला

फाेटो

संवाद न्यूज एजेंसी

ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की डोली आगमन पर होने वाले त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेल प्रतियोगिताओं के साथ शुभारंभ हो गया। मेले में विभागों ने स्टाल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारियां दी जा रही है।

राइंका खेल मैदान में आयोजित मेले का शुभारंभ केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने किया। उन्होंने कहा कि पंचकेदार गद्दीस्थल ऊखीमठ आध्यात्मिक चेतना, तपस्या और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। यहां की परंपराएं विश्वभर के लोगों को आकर्षित करती हैं। मेले के प्रथम दिन स्कूली बच्चों और ओंकारेश्वर महिला मंगल दल ने लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं राकेश शुक्ला एवं आचार्य विश्वमोहन जमलोकी के माध्यम से आयोजित स्व. हीरालाल शुक्ला एवं स्व. हर्षमणि जमलोकी मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब ऊखीमठ ने हिल टाइगर की टीम को पराजित किया। मेले में उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों की ओर से स्टाल लगाकर योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर मेलाध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, सचिव प्रकाश रावत, कोषाध्यक्ष रवीन्द्र पुष्पवान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन तेज प्रकाश त्रिवेदी ने किया। विशिष्ट अतिथि केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि मद्महेश्वर मेला राजनीति का मंच नहीं होना चाहिए। केदारसभा के मंत्री अंकित सेमवाल, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, केदारनाथ के वरिष्ठ पुजारी डॉ. केदार लिंग, बागेश लिंग, गंगाधर लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X