Saharanpur News:कुआंखेड़ा में संगम स्थल पर पानी नहीं होने से मायूस लौटे श्रद्धालु – Devotees Returned Disappointed From The Confluence Site At Kuankheda Due To The Absence Of Water
नानौता। क्षेत्र के गांव कुआंखेड़ा स्थित गंगा-यमुना के संगम स्थल पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को पानी न होने से मायूस लौटना पड़ा। इसके चलते श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान से वंचित रह गए।
ग्रामीण प्रमोद राणा, नरेंद्र शर्मा, कुलदीप सिंह, नरेंद्र दत्त शर्मा, चंद्रकांत शर्मा, राजकुमार सैनी, पूर्व उपब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र पुंडीर आदि श्रद्धालुओं का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-यमुना के संगम स्थल पर स्नान करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं लेकिन इस बार संगम स्थल पर पानी की व्यवस्था नहीं होने से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
संगम स्थल पर पानी नहीं मिलने के बावजूद श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था बनाए रखते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा दीप जलाकर अपने आराध्य देव का स्मरण किया। वहीं, संगम स्थल पर पानी की व्यवस्था नहीं होने को लेकर श्रद्धालुओं में सिंचाई विभाग के प्रति भारी रोष देखने को मिला।
श्रद्धालुओं ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व पर संगम स्थल पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए थी। उन्होंने मांग की कि भविष्य में श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समय रहते पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को भी पवित्र स्नान से वंचित न रहना पड़े। सिंचाई विभाग के एसडीओ पूर्वी यमुना नहर तृतीय नरेंद्र कुमार ने बताया कि पानी छोड़ने का रोस्टर उच्चाधिकारियों के स्तर से तय होता है। फिलहाल 25 नवंबर को पानी छोड़ा जाएगा।
