Saharanpur News:डीएम ने दिए लापरवाही पर चार अधिकारियों के वेतन रोकने के आदेश – Dm Orders Withholding Of Salaries Of Four Officials Over Negligence
सहारनपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास और राजस्व कार्यों की समीक्षा हुई। लापरवाही पर जिलाधिकारी ने चार अधिकारियों के वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही खराब प्रगति पर फटकार लगाई है।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने स्मार्ट सिटी में खराब प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। वक्फ विकास निगम लिमिटेड से संबंधित कार्य में लापरवाही पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। छात्रवृत्ति योजना में खराब प्रगति पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक का वेतन रोकने के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में उपायुक्त उद्योग को बैंकर्स के साथ बैठक कराने के निर्देश दिए।
फैमिली आईडी में खराब प्रगति पर ईओ तीतरों एवं गंगोह, ईओ सरसावा तथा ईओ देवबंद को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित तीन अधिशासी अधिकारियों के कार्यों की जांच हेतु पुलिस, कोषागार अधिकारी एवं एसडीएम स्तर के अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। निर्देश दिए कि आईजीआरएस एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, जॉइंट मजिस्ट्रेट रामभरोस सरण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ आदि मौजूद रहे।
