रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शामली

Shamli News:यातायात माह में 365 वाहनों के चालान, 211 बिना हेलमेट पकड़े – 365 Vehicles Fined During ‘traffic Month’; 211 Riders Caught Without Helmets

November 21, 2026


-पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया

संवाद न्यूज एजेंसी

शामली। पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 365 वाहन चालकों के चालान किए गए। इनमें 211 बिना हेलमेट और 100 ओवरस्पीडिंग के मामले शामिल थे।

यातायात पुलिस और थानों की टीमों ने फव्वारा चौक, दिल्ली रोड, बाजारों और मुख्य मार्गों पर चेकिंग की। दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारी को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें हेलमेट की स्ट्रैप लॉक रखने की भी हिदायत दी गई। चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करने को भी कहा गया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ अभियान के तहत पेट्रोल पंपों पर भी निगरानी की जा रही है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति गंभीर बनाना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X