Shravasti News:मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति, फिर उखड़ीं सड़कें – Superficial Repairs, Followed By The Roads Breaking Up Again
श्रावस्ती/तुलसीपुर। जिले में जर्जर सड़कों का जाल फैला है। कई प्रमुख संपर्क मार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात यह हैं कि कई मार्गों की मरम्मत के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। डोमाई-बेलहरी मार्ग हो या सेमरी-इकौना मार्ग, इनकी मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़कें फिर खस्ताहाल हो गईं। कहीं सड़क कटने के बाद मिट्टी और ईंट के रोड़े डाल दिए गए तो कहीं गड्ढों में ईंट भरकर जिम्मेदारों ने इतिश्री कर ली। तीन मार्गों की स्थिति इसकी गवाही दे रही है।
मल्हीपुर-भिनगा मार्ग पर अधूरी मरम्मत
मल्हीपुर-भिनगा मार्ग पर वीरपुर के पास करीब तीन वर्ष पहले सड़क कट गई थी। इसके बाद विभाग ने कटे हुए हिस्से में मिट्टी डालकर खड़ंजा लगवा दिया, लेकिन करीब 500 मीटर सड़क अब भी जर्जर है। इसकी आधी पटरी भी कट चुकी है। अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, मल्हीपुर चौराहे से करीब एक किलोमीटर तक सड़क की मरम्मत कराई गई, लेकिन जर्जर हिस्से को छोड़ दिया गया।
वीरगंज बाजार में गड्ढों की भरमार
मल्हीपुर चौराहे से जमुनहा ब्लॉक मुख्यालय होते हुए कथरा माफी जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। बीते महीने नीति आयोग के निरीक्षण के दौरान कमियां छिपाने के लिए गड्ढों में मिट्टी और रोड़े डालकर बराबर कर दिया गया था। हालांकि, कुछ ही दिनों में सड़क फिर पहले जैसी हो गई। इससे राहगीरों के गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है।
चार वर्ष में ही उखड़ गई सड़क
जमुनहा-बहराइच मार्ग से बंजारनपुरवा होते हुए सिटकहना जाने वाली सड़क की करीब चार वर्ष पहले मरम्मत कराई गई थी। अब इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क की बदहाली से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। राहगीर अशोक कुमार, दिलीप और राजेश कुमार का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जिम्मेदारों को मार्गों की स्थायी मरम्मत करानी चाहिए।
