Shravasti News:सचिवालयों पर लटक रहे ताले, भटक रहे ग्रामीण – Locks Hang On Secretariat Offices; Villagers Left Wandering
श्रावस्ती/गिरंट बाजार। ग्रामीणों को गांव में ही सरकारी योजनाओं और जरूरी सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में सचिवालय (पंचायत भवन) बनवाए गए हैं। शासन की मंशा है कि ग्राम प्रधान और सचिव नियमित रूप से यहां बैठें। लेखपालों को भी सचिवालय में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और खसरा-खतौनी जैसे राजस्व अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनके आवेदन की सुविधा भी यहीं मिलनी चाहिए। इसके संचालन के लिए पंचायत सहायकों की तैनाती की गई है, जिन्हें छह हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाता है। इसके बावजूद जिम्मेदारों की अनदेखी से व्यवस्था बेपटरी है। जमुनहा विकासखंड की तीन ग्राम पंचायतों में पड़ताल के दौरान सचिवालयों पर ताले लटके मिले। कहीं झाड़ियां उगी थीं तो कहीं परिसर में गंदगी पसरी थी।
सचिवालय पर लटकता मिला ताला
जमुनहा विकासखंड की ग्राम पंचायत देवरा में बने सचिवालय की पड़ताल की गई तो मुख्य गेट पर ताला लटकता मिला। यहां न ग्राम प्रधान मौजूद थे और न ही सचिव व लेखपाल। पंचायत सहायक भी नदारद रहे। राहगीर कमलेश, रोशन लाल और मनोज ने बताया कि पंचायत भवन आए दिन बंद रहता है। केवल बैठक या मीटिंग होने पर ही इसे खोला जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी भटकना पड़ता है।
आसपास उगी मिली झाड़ियां
दीदीपुरवा गांव के सचिवालय पर भी ताला लटकता मिला। परिसर के आसपास घास और झाड़ियां उगी हुई थीं। राहगीर आशीष, अनुज द्विवेदी और रोहित ने बताया कि पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुलता। आसपास उगी झाड़ियां इसकी गवाही दे रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन के संचालन के नाम पर केवल धनराशि निकाली जा रही है। जरूरी प्रपत्रों के लिए उन्हें जनसेवा केंद्र या सचिव के घर जाना पड़ता है।
परिसर में गंदगी, पेंटिंग भी उखड़ी
मल्हीपुर खुर्द ग्राम सचिवालय की स्थिति भी बेहतर नहीं मिली। यहां मुख्य गेट की पेंटिंग उखड़ी हुई थी और परिसर में गंदगी फैली थी। राहगीर गोपाल, भोंदू और रफीक ने बताया कि पंचायत भवन से ग्रामीणों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। अक्सर यहां ताला बंद रहता है। रखरखाव के अभाव में भवन जर्जर हो रहा है। ग्रामीणों को अपने जरूरी कामों के लिए ब्लॉक और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सचिवालयों के नियमित संचालन का निर्देश है। अगर सचिवालय बंद रहते हैं तो टीम बनाकर उनकी जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बृजेश गुप्ता, बीडीओ

देवरा में बंद पंचायत भवन

देवरा में बंद पंचायत भवन
