Sirmour News:इना बड़ियां जो तुड़का लाणा हो ठेकेदारनिये… पर झूमे दर्शक – The Audience Danced On ‘ina Badiyan Jo Tudka Laana Ho Contractorniye’
नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने बांधा समां, कपिल और दलजीत ने भी जमाया रंग
रेणुका मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों की धूम
विधायक विनय कुमार ने भी डाली नाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी लोकगीतों के नाम रही। प्रदेश के मशहूर लोक कलाकार कुलदीप शर्मा, कपिल शर्मा और दलजीत सिंह की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक अपनी सीटों से उठकर नाचने लगे। मुख्य अतिथि सहित अन्य मेहमान और अधिकारी भी लोकगीतों की धुनों पर थिरकते नजर आए।
नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने रेणुका वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने दरोगाजी इन छौरुआं नू ली समझाईं, मुंदड़ी जुग्गे न तेरे कांनो, रोहड़ू जाना मेरी आमिये, रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा, पानी री टंकी हो और इना बड़ियां जो तुड़का लाणा हो ठेकेदारनिये जैसे लोकप्रिय गीतों की झड़ी लगाकर दर्शकों को खूब नचाया।
लोक कलाकार कपिल शर्मा के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। दर्शकों की फरमाइश पर उन्होंने रेणुका वंदना रेणुका मांगे महा माईए, हाय रे मेरी ए जौंसारिए, मेरा प्यार वो है, साथी कोई दूज्जा याद आया, ओ निलीमा ओ निलामा और दिल के टुकड़े-टुकड़े करके मुस्कुरा के चल दिए जैसे गीत सुनाए। वहीं, दलजीत सिंह ने पंजाबी और पहाड़ी गीतों से खूब रंग जमाया। उन्होंने यार नहीं मिलना दिलदार नहीं मिलना, बुरा नहीं मानना मेरी बातों था, बुरा आया जमाना और हाथों फांदें दाच्चिए जैसे गीत प्रस्तुत किए। इससे पहले टेक चंद शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भक्तिरस में सराबोर किया।
ददाहू की नन्ही कलाकार हेरंबिका ने दे खड़ी शिमला स्टेशन से आई ड्राइवरा ब्रेक मारी जा गीत पर नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा करीब दो दर्जन कलाकारों ने लोकगीतों और फिल्मी नगमों की प्रस्तुतियां दीं।
तीसरी सांस्कृतिक संध्या में रेणुका के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और नाटी डाली। इस मौके पर एएसपी नरेंद्र कुमार, एसडीएम राजीव सांख्यान, सुनील कायथ, तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर, सीईओ भरत सिंह ठाकुर, मित्र सिंह तोमर, बीडीसी सदस्य वीर सिंह ठाकुर, ददाहू पंचायत प्रधान पंकज गर्ग, उपप्रधान करण जस्सल सहित रेणुका विकास बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
