Sirmour News:केरल को हराकर नंबर वन बनने आज उतरेगा हिमाचल – Himachal To Take The Field Today, Aiming To Reach The Number One Spot By Defeating Kerala
आंध्र के मुकाबले पर भी रहेगी निगाहसैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिमाचल के पास 24 अंक तक पहुंचने का मौका
आंध्र प्रदेश दोपहर में महाराष्ट्र से खेलेगा मुकाबला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी में हिमाचल प्रदेश की टीम वीरवार को केरल के खिलाफ मैदान में उतरेगी। न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला सुबह 11 बजे शुरू होगा। हिमाचल की नजरें केरल को हराकर जीत की लय बरकरार रखने और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने पर रहेंगी। हालांकि, इसके लिए उसे आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा।
हिमाचल प्रदेश की टीम छह मुकाबलों में पांच जीत और एक हार के साथ 20 अंक लेकर ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर है। आंध्र प्रदेश के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वह शीर्ष पर काबिज है। हिमाचल के पास केरल को हराकर 24 अंक तक पहुंचने का मौका है। वहीं, आंध्र प्रदेश का मुकाबला दोपहर 1:30 बजे महाराष्ट्र से होगा। यदि आंध्र प्रदेश यह मुकाबला हारता है तो हिमाचल शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएगा। दोनों टीमों के जीतने की स्थिति में नेट रन रेट से पहले स्थान का फैसला होगा।
हिमाचल की टीम ने अपने पिछले मुकाबले में मध्य प्रदेश को नौ विकेट से हराया था। मध्य प्रदेश की टीम 126 रन पर सिमट गई थी। जवाब में हिमाचल ने आयुष जम्वाल और वैभव शर्मा के अर्धशतकों की मदद से 9.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया था। दूसरी ओर, केरल की टीम भी जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। केरल फिलहाल 16 अंकों के साथ ग्रुप में तीसरे स्थान पर है।
केरल की कप्तानी संजू सैमसन करेंगे, जबकि हिमाचल की कमान पुखराज मन्न संभालेंगे। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला अंक तालिका के लिहाज से अहम है। हिमाचल की जीत से टीम की शीर्ष स्थान की दावेदारी मजबूत होगी।
