रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:चांदनी में 75 लाख से बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन – Primary Health Centre Building To Be Constructed In Chandni At A Cost Of 75 Lakh

November 23, 2026


उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रखी आधारशिला

छह माह में काम पूरा करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख देने की घोषणा

संवाद न्यूज एजेंसी

सतौन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के चांदनी में 75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का नया भवन बनाया जाएगा। सोमवार को उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भवन की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। नए भवन के बनने से क्षेत्र की करीब 20 पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पीएचसी भवन का निर्माण छह माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

हर्षवर्धन ने चांदनी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इससे पहले दिलीप सिंह तोमर ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मांग पत्र प्रस्तुत किया। उद्योग मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इस मौके पर सिरमौर कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, शिलाई कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रघुवीर सिंह कपूर, ग्राम पंचायत चांदनी के प्रधान यशपाल ठाकुर, उपप्रधान मामराज, कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष मामराज ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी अतर सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेश शर्मा, खंड स्वास्थ्य अधिकारी केएल भगत, खंड विकास अधिकारी राजेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X