Sirmour News:देवठी मझगांव स्कूल में 53 लाख से बनेगा खेल मैदान – A Sports Ground Will Be Built At Devthi Majhgaon School At A Cost Of 53 Lakh
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया भूमि पूजन, लोक निर्माण विभाग को जल्द काम पूरा करने के निर्देश
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
शिलाई, चौपाल, घुमारवीं और मंडी में खुले चार नए खेल छात्रावास, संख्या बढ़कर होगी 12
जिला स्तरीय रुद्र महाराज एकादशी मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शिक्षा मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़/नैनाटिक्कर (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवठी मझगांव में 53 लाख रुपये से खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को ग्राम पंचायत देवठी मझगांव स्थित विद्यालय में खेल मैदान का भूमि पूजन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने रुद्र महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की और तीन दिवसीय जिला स्तरीय रुद्र महाराज एकादशी मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मेले और त्योहार हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से भाईचारा बढ़ता है और प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर मिलता है। सिरमौर और शिमला जिलों के मेले अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन में समाज के प्रत्येक वर्ग को भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने बड़ी चुनौती है। युवाओं को इससे दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों में शिलाई, चौपाल, घुमारवीं और मंडी में चार नए खेल छात्रावास खोले हैं। इससे प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के संघर्ष और योगदान से हिमाचल को अलग राज्य के रूप में पहचान मिली। इसके बाद प्रदेश की सभी सरकारों ने विकास की दिशा में काम किया है। उन्होंने मेला आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं, विद्यालय के विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 15 हजार रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
पंचायत प्रधान सुरेश ठाकुर ने क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, पद्मश्री विद्यानंद सरैक, ग्राम पंचायत कोटि पधोग की प्रधान अंजना कंवर, ग्राम पंचायत सनियो दीदग के प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन गर्ग, डीएसपी वीसी नेगी, मेला समिति के सदस्य, श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
