शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया मना, समझाने पर माने – Family Members Initially Refused To Perform The Last Rites, But Agreed After Being Persuaded

November 20, 2026


कुंवरगड्डी। अटरिया के जजौर गांव निवासी अमित मिश्रा (25) की बृहस्पतिवार को लखनऊ में करंट लगने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम बाद गांव पहुंचे युवक के शव का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने मना कर दिया था। परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को अटरिया पहुंचे पुलिस के अफसरों ने जांच बाद दोषी पर कार्रवाई का भरोसा दिला कर परिजन का गुस्सा शांत कराया। इसके बाद ही शव का अंतिम संस्कार हुआ।

परिजनों के अनुसार अमित लखनऊ स्थित एक टेंट हाउस में काम करते थे। बृहस्पतिवार को वह लखनऊ के सरस्वतीपुरम में टेंट हाउस की ओर से एलईडी काउंटर उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची लखनऊ पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी कोमल ने पीजीआई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव जजौर पहुंचा तो वहां पूरा गांव चीख-पुकार से गूंज उठा।

परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। शुक्रवार को इसकी जानकारी मिलने पर अटरिया पुलिस के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जांच बाद दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार किया। सीओ वेदप्रकाश ने बताया कि घटना लखनऊ की है। परिजनों को कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X