रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोनभद्र

Sonebhadra News:आदिवासी की जमीन पर बिना सहमति छह लाख का केसीसी ऋण – Kcc Loan Of Six Lakh Rupees Taken On Tribal Land Without Consent

November 22, 2026


ओबरा। जुगैल थाना क्षेत्र के गरदा टोला में एक आदिवासी किसान की जानकारी और सहमति के बिना उसकी जमीन बंधक रखकर छह लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृत कराने का मामला सामने आया है। 21 नवंबर को खतौनी निकलवाने जनसेवा केंद्र पहुंचे किसान को राजस्व अभिलेख में बैंक ऋण की प्रविष्टि मिली तो मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित ने रविवार को जुगैल थाने में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। गरदा टोला निवासी लाल बहादुर बैगा का आरोप है कि डाला स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में कार्यरत एक कलेक्शन एजेंट ने कुछ बैंककर्मियों की कथित मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के सहारे उसकी जमीन ऋण के एवज में बंधक दिखा दी। जबकि उसने न तो ऋण के लिए आवेदन किया था और न ही जमीन बंधक रखने की सहमति दी थी। पीड़ित के मुताबिक, 21 नवंबर को वह अपनी जमीन की खतौनी निकलवाने जनसेवा केंद्र पहुंचा था। राजस्व अभिलेख में बैंक ऋण की प्रविष्टि देखकर वह हैरान रह गया। छानबीन में पता चला कि उसकी जमीन पर छह लाख रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत है। इसके बाद उसने जुगैल थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन को ऋण के दायित्व से मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ओबरा क्षेत्राधिकारी प्रभात राय ने बताया कि ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X