सोनभद्र। चौदह दिन पहले हिंदुआरी तिराहे के पास भटकते मिले भाई-बहन को आखिरकार उनके माता-पिता का साथ मिल गया। बच्चों को परिवार से मिलाने में अमर उजाला में प्रकाशित खबर और सोशल मीडिया के माध्यम से की गई अपील ने अहम भूमिका निभाई। खबर और अपील के आधार पर मां ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तैनात एक पुलिसकर्मी से संपर्क किया। वहां से उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी मिली। इसके बाद जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराकर शनिवार को दोनों बच्चों को माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों के परिवार से मिलने पर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी खुशी से छलक उठीं। गत 14 नवंबर को हिंदुआरी तिराहे के पास भाई-बहन भटकते हुए मिले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह की अगुवाई में पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने दोनों को विधिक संरक्षण में लेकर उनके परिवार की जानकारी जुटानी शुरू की। बच्चे बार-बार मोहनगढ़ और सुर्रा का नाम बता रहे थे, लेकिन चंदौली के नौगढ़ थाना क्षेत्र के सुर्रा में संपर्क करने पर उनके परिवार के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं, मोहनगढ़ नाम से तलाश करने पर बार-बार राजस्थान का लोकेशन प्रदर्शित हो रहा था। उधर, माता-पिता भी बच्चों की तलाश में जुटे थे। तीन दिन पहले किसी ने उन्हें अमर उजाला में प्रकाशित खबर और चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से सोशल मीडिया पर जारी संपर्क नंबर के जरिये बच्चों की जानकारी देने की अपील के बारे में बताया। इसके बाद मां रॉबर्ट्सगंज के शीतला मंदिर चौक पर तैनात एक पुलिसकर्मी के पास पहुंचीं। पुलिसकर्मी ने उनकी बात परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह से कराई। बच्चों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद जरूरी दस्तावेज मांगे गए। औपचारिकताएं पूरी होने पर शनिवार को माता-पिता बाल कल्याण समिति के सामने पेश हुए। इसके बाद बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह ने बताया कि बच्चे मूल रूप से गोरखपुर क्षेत्र के महराजगंज जिले के बिजौरागंज थाना क्षेत्र के मोहनगढ़ के निवासी हैं। उनके पिता रेलवे लाइन के चौड़ीकरण कार्य में काम करने के लिए यहां आए थे। मां भी बच्चों के साथ आई थीं। वह अपनी बहन के घर सुर्रा गई थीं। वहां से लौटते समय बच्चे भटक गए थे। बच्चों को परिवार से मिलाने में काउंसलर अमन सोनकर, अधीक्षिका पुष्पांजलि प्रजापति, स्टाफ नर्स कविता और केस वर्कर ममता ने भी प्रमुख भूमिका निभाई। चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से अपील की गई कि कहीं कोई बच्चा अकेला, भटका हुआ, लापता या संकटग्रस्त स्थिति में दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें।