रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कन्नौज

Kannauj News:गिरफ्तारी पर उठे सवाल, कोर्ट पहुंचा पुलिसकर्मियों की लोकेशन का मामला – Questions Raised Over Arrest; Matter Of Police Personnel’s Location Reaches Court

November 29, 2026


कन्नौज। थाना सौरिख में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस की गिरफ्तारी पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी का कहना है कि उसे घटनास्थल से नहीं, बल्कि बुआ के घर से उठाया गया और दो दिन तक अवैध हिरासत में रखकर रुपयों की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर उसे झूठा मुकदमा बनाकर चालान कर दिया गया। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय में दांडिक निगरानी पर सुनवाई हुई।

जिला हरदोई के थाना मल्लावां के सुमेरपुर निवासी नागेश्वर सिंह ने 10 जुलाई 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कहा गया कि उसे सात जुलाई 2026 को मुकदमे में झूठा मुल्जिम बनाकर चालान किया गया तथा गिरफ्तारी का घटनास्थल मनगढ़ंत तरीके से प्रथम सूचना रिपोर्ट में अंकित किया गया। बताया कि पांच जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे दरोगा महेश कुमार शर्मा ने सिपाही कृष्णवीर चौधरी व चार अन्य सिपाहियों के साथ मिलकर उसे बुआ के घर रुदामऊ थाना माधौगंज जिला हरदोई से पकड़ लिया।

इसके बाद उसे दो दिन अवैध तरीके से हिरासत में रखा और रुपयों की मांग की गई। परिजन के मांग पूरी न कर पाने पर दरोगा और थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार सात जुलाई 2026 को प्रथम सूचना रिपोर्ट धारा 317(2), 317(4), 317(5), 318(4), 111 भारतीय न्याय संहिता एवं 3/25 आयुध अधिनियम में दर्ज की गई थी। उसी दिन उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। अभियुक्त पक्ष का कहना है कि पुलिस की कहानी ही गलत है। अगर पुलिसकर्मियों की पांच जुलाई की टावर लोकेशन निकल आए तो सच्चाई सामने आ जाएगी कि वे उस दिन हरदोई में थे या कन्नौज में।

इनसेट

लोकेशन से तय होगी विवेचना की दिशा

इसी मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 29 जुलाई 2026 को आदेश पारित किया था। उस आदेश में थानाध्यक्ष सौरिख के उस प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया गया था, जिसमें गिरफ्तार करने वाले पुलिस कर्मियों के सीडीआर व टावर लोकेशन न्यायालय में प्रस्तुत करने पर पुलिस कर्मियों की सुरक्षा, गोपनीयता तथा भविष्य की विवेचनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई थी। सीजेएम ने एक सप्ताह के भीतर टावर लोकेशन व सीडीआर प्रेषित करने का निर्देश दिया था। उक्त आदेश से क्षुब्ध होकर राज्य की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) द्वारा धारा 438 बीएनएसएस के तहत निगरानी दाखिल की गई। न्यायालय ने दोनों पक्ष के अधिवक्ताओं को सुना तथा पत्रावली का अवलोकन किया। अब इस निगरानी पर निर्णय से ही तय होगा कि पुलिसकर्मियों की लोकेशन कोर्ट में आएगी या नहीं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X