बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोनीपत

Sonipat News:सात दिन तक इतिहास से रूबरू होंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी, आज से विश्व धरोहर सप्ताह का आगाज – Students From Government Schools Will Engage With History Over The Next Seven Days

November 18, 2026


– स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में प्रतिदिन 100 विद्यार्थियों को मिलेगा निशुल्क प्रवेश

– 100 से 5000 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक वस्तुओं और सोनीपत की 12 धरोहरों को करीब से देखने का मिलेगा अवसर

– संग्रहालय की 23 गैलरियों में जान सकेंगे जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत। किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को जिले के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में वीरवार से विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत होगी। सात दिन तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को जिले के गौरवशाली अतीत को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इसके तहत प्रतिदिन 100 विद्यार्थियों को संग्रहालय का निशुल्क भ्रमण करवाया जाएगा।

विद्यार्थियों को संग्रहालय में रखी 100 से लेकर 5000 वर्ष तक पुरानी ऐतिहासिक वस्तुओं, प्राचीन सभ्यताओं के अवशेषों और सांस्कृतिक धरोहरों को देखने का मौका मिलेगा। साथ ही वे जिले की 12 ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। संग्रहालय में बनाई गई 23 अलग-अलग गैलरियों के माध्यम से विद्यार्थियों को इतिहास के विभिन्न पहलुओं से परिचित करवाया जाएगा।

सोसाइटी फॉर द डेवलपमेंट एंड ब्यूटीफिकेशन ऑफ द सोनीपत टाउन के सदस्य सचिव राजेश कुमार खत्री ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सात दिन प्रतिदिन 100 विद्यार्थियों को संग्रहालय भ्रमण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान उन्हें ऐतिहासिक वस्तुओं और गैलरियों के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। संग्रहालय में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां वे भ्रमण की यादों को तस्वीरों के रूप में संजो सकेंगे।

प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि करेंगे शुभारंभ

विश्व धरोहर सप्ताह के तहत प्रतिदिन सुबह कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके लिए अलग-अलग दिन प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए उन्हें ऐतिहासिक स्थलों और पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं का प्रत्यक्ष अनुभव करवाना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X