रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Space News | बिग बैंग के 630 मिलियन साल बाद जन्मा सबसे पुराना क्वासर, 360 मिलियन सूरज जितनी ताकत से वैज्ञानिक हैरान | Oldest Quasar Discovery
नॉलेज

Space News | बिग बैंग के 630 मिलियन साल बाद जन्मा सबसे पुराना क्वासर, 360 मिलियन सूरज जितनी ताकत से वैज्ञानिक हैरान | Oldest Quasar Discovery

November 24, 2026


Space News: अंतरिक्ष की गहराइयों में झांक रहे वैज्ञानिकों को एक ऐसी कामयाबी हाथ लगी है जिसने ब्रह्मांड के शुरुआती इतिहास को समझने का नजरिया बदल दिया है. यूरोपियन स्पेस एजेंसी के यूक्लिड स्पेस टेलीस्कोप ने महज 4 महीने पहले बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अब तक का सबसे पुराना और सबसे दूर स्थित क्वासर खोज निकाला है. एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स जर्नल में प्रकाशित इस स्टडी के मुताबिक J1504+6252 नाम का यह क्वासर बिग बैंग के सिर्फ 630 मिलियन साल बाद अस्तित्व में आया था. यह जुलाई में खोजे गए पिछले रिकॉर्डधारी क्वासर से भी 40 मिलियन साल ज्यादा पुराना है. जब यह क्वासर चमक रहा था तब हमारा ब्रह्मांड अपनी मौजूदा उम्र के 5 प्रतिशत से भी कम था और इसकी रोशनी को धरती के टेलीस्कोप तक पहुंचने में करीब 13.1 से 13.2 अरब साल का लंबा वक्त लगा है.

360 मिलियन सूरज जितना भारी यह क्वासर आखिर क्या बला है?

खगोल विज्ञान की भाषा में क्वासर किसी आकाशगंगा के केंद्र में मौजूद एक बेहद चमकीला हिस्सा होता है. जब किसी आकाशगंगा के बीच में बैठा विशालकाय ब्लैक होल अपने आसपास की कॉस्मिक गैस और धूल को तेजी से निगलता है तो उससे बेतहाशा ऊर्जा पैदा होती है. यह चमक इतनी तेज होती है कि एक अकेला क्वासर पूरी की पूरी आकाशगंगा से भी ज्यादा रोशनी बिखेर सकता है.
यूरोपियन सदर्न ऑब्जर्वेटरी के शोधकर्ता और इस स्टडी के मुख्य लेखक जूलियन वोल्फ ने बताया कि यूक्लिड की तस्वीरों में यह क्वासर एक धुंधले लाल बिंदु जैसा दिखता है. लेकिन जब इसकी रोशनी के स्पेक्ट्रम की जांच की गई तो पता चला कि इसके केंद्र में हमारे सूरज से 360 मिलियन गुना ज्यादा द्रव्यमान वाला एक महाविशाल ब्लैक होल मौजूद है.

आयरलैंड के प्राचीन किले के नाम पर क्यों रखा गया इसका नाम?

वैज्ञानिकों ने इस दुर्लभ खगोलीय पिंड को डन आंग्हासा निकनेम दिया है. यह नाम आयरलैंड में अटलांटिक महासागर के किनारे एक ऊंची चट्टान पर बने प्रागैतिहासिक पत्थर के किले के सम्मान में रखा गया है. जिस तरह वह प्राचीन किला जमीन के आखिरी छोर पर खड़ा है उसी तरह यह क्वासर भी हमारे दृश्य ब्रह्मांड के बिल्कुल आखिरी किनारे पर स्थित है.

इस क्वासर का रेडशिफ्ट 8.13 दर्ज किया गया है. अंतरिक्ष में जैसे-जैसे ब्रह्मांड फैलता है दूर से आने वाली रोशनी की तरंगें खिंचकर लाल रंग की ओर मुड़ जाती हैं जिसे रेडशिफ्ट कहते हैं. रेडशिफ्ट जितना ज्यादा होता है वह पिंड उतना ही पुराना और दूर होता है. 8 से ज्यादा रेडशिफ्ट वाला यह ब्रह्मांड का पहला क्वासर है.

कम रफ्तार से भोजन करने के बावजूद इतना विशाल कैसे हुआ ब्लैक होल?

इस खोज ने खगोल भौतिकी के पुराने मॉडल्स के सामने एक बड़ी पहेली खड़ी कर दी है. वैज्ञानिकों का मानना है कि ब्रह्मांड के बनने के महज 630 मिलियन साल के भीतर 360 मिलियन सूरज जितना भारी ब्लैक होल तैयार होना बेहद हैरान करने वाला है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब यूक्लिड ने इसे देखा तो यह ब्लैक होल बेहद धीमी रफ्तार से आसपास की गैस और धूल निगल रहा था.

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X