Sultanpur News:चोरी की बाइकों के साथ अंतरजनपदीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार – Three Members Of An Inter-district Gang Arrested With Stolen Motorcycles
सुल्तानपुर। दूसरे जिलों से बाइक चुराकर जिले में खपाने वाले अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इनमें एक बुलेट भी शामिल है, जिसकी चोरी के मामले में कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज थी। पकड़े गए तीनों आरोपी प्रतापगढ़ और प्रयागराज के रहने वाले हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली नगर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी में शामिल तीन युवक सौरमऊ पुल के नीचे मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ के कोतवाली देहात क्षेत्र के पूरेवान विक्रमपुर निवासी शिवम सरोज और प्रयागराज के सोरांव क्षेत्र के लाला का पुरवा निवासी सचिन व पुराना फाफामऊ निवासी शहंशाह के रूप में हुई।
तीन मोटर साइकिलें बरामद
सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तलाशी में आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल बरामद हुईं। इनमें एक बाइक के चोरी होने के संबंध में कोतवाली नगर में पहले से प्राथमिकी दर्ज थी। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा, अविनाश चंद्र, प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सुरजन और कांस्टेबल प्रमोद कुमार व रंजित कुमार शामिल रहे।
