Sitapur News:बेहतर प्रदर्शन से बेहटा ब्लॉक ने को मिला पहला स्थान – Behta Block Secured The First Position Due To Its Superior Performance
सीतापुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान खैराबाद में शुक्रवार को हमारी परंपरा और संस्कृति विषय पर कला प्रदर्शनी व संस्कृति महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक कौशल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपरा व लोक संस्कृति की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
महोत्सव में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विकासखंड बेहटा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, विकासखंड महोली द्वितीय व मिश्रिख तृतीय स्थान पर रहा। बेहटा ब्लॉक की ओर से पांच शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इनमें विवेक कुमार (सहायक अध्यापक, कंपोजिट विद्यालय पलौली), मोहम्मद अशरफ (प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय कलनापुर), जैनेंद्र कुमार (सहायक अध्यापक, कंपोजिट विद्यालय रोहाचांदी खेड़ा), रेशमचंद्र शर्मा (सहायक अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय मुगलपुर) व पवन कुमार कश्यप (सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पसुरा बेलवा) शामिल रहे।
बेहटा टीम की तरफ से प्रस्तुत निष्प्रयोज्य सामग्री से निर्मित आकर्षक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इन मॉडलों के माध्यम से शिक्षकों ने कबाड़ से उपयोगी और रचनात्मक वस्तुएं तैयार करने की कला का प्रदर्शन किया, जिसकी दर्शकों और निर्णायक मंडल ने खूब सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों व शिक्षकों ने बेहटा टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विजेताओं को बधाई दी। इस अवसर पर बृजेश शुक्ल, नित्यानंद, नौशाद अंसारी, चंद्रिका प्रसाद, आदित्य नारायण खरे, विपिन त्रिपाठी, मोहम्मद वसीम व आलोक वर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने टीम का उत्साहवर्धन किया।
