Sultanpur News:बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किसान की मौत – Farmer On A Motorcycle Killed After Being Struck By An Out-of-control Truck
चांदा। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह सोनावा के पास बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किसान सुरेश चंद्र मिश्र (52) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक घटनास्थल पर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हुई। सुरेश ने हेलमेट नहीं पहना था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह सोनावा गांव निवासी सुरेश बाइक से खेत देखने के लिए घर से निकले थे। खेत देखने के बाद वह बाइक से अकेले ही घर की ओर जा रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही अचानक पीछे से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक के पहिए में फंसकर वह कुछ दूर तक घिसटते चले गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को स्थानीय थाने पहुंचाया। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे चंदन मिश्र की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ ऋतिक कपूर ने बताया कि ट्रक चालक और मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
खेती से करते थे परिवार का भरण पोषण सुरेश खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सरोजा देवी की करीब चार माह पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनके दो बेटे पवन (27), शुभम (23) और तीन बेटियां शालिनी (32), शिवांगी (26) व शिखा (18) हैं। सबसे छोटी बेटी शिखा की अभी शादी नहीं हुई है। सुरेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। (संवाद)
कार से टकराया ई रिक्शा, महिला सहित पांच जख्मी
कुड़वार। स्थानीय कस्बे में बृहस्पतिवार नहर पुलिया के पास अनियंत्रित कार से टकराकर ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ई रिक्शा पर सवार जयसिंहपुर के नुमाएं निवासी संजू (40), सौरभ (14), अरुण कुमार (45), संजू (42), शनि (12) घायल हो गए। वह सभी कस्बे के एक लान में आयोजित श्याम महोत्सव से देर रात 12:30 बजे ई रिक्शा से घर जाने के लिए निकले थे। इसी बीच एक अनियंत्रित कार पीछे से ई-रिक्शा में टकरा गई। घायलों को स्थानीय सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कुड़वार के प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक भाग निकला। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
(संवाद)
देवनगर बाजार में पलटा लकड़ी से लदा ट्रक, बचा चालक
अखंडनगर। देवनगर बाजार में शुक्रवार सुबह लकड़ी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक बच गया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक बछेड़िया गांव से लकड़ी लेकर वाराणसी जाने के लिए निकला था। देवनगर बाजार में एक जीप को बचाने में चालक ने ट्रक का संतुलन खो दिया। दुर्घटना में ट्रक की चपेट में आने से एक मकान का पिलर टूट गया। अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि ट्रक को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)

पलटा पड़ा ट्रक

पलटा पड़ा ट्रक
