Tehri News:खेमड़ा-कुंडाली सड़क की मरम्मत के लिए 30 लाख की स्वीकृति मिल – 30 Lakh Rupees Approved For The Repair Of Khemda-kundali Road
जुलाई में भारी बारिश से ल्वाडी गदेरे के पास बह गया था सड़क का बड़ा हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। आपदा से क्षतिग्रस्त भागीरथीपुरम-खेमड़ा-कुंडाली मोटर मार्ग की मरम्मत की राह आसान हो गई। प्रदेश सरकार ने सड़क की मरम्मत के लिए 30 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। लोनिवि दिसंबर से मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी में है। इससे लंबे समय से खस्ताहाल सड़क पर जोखिम भरा सफर करने को मजबूर लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
बीते जुलाई माह में भारी बारिश के दौरान भागीरथीपुरम-खेमड़ा-कुंडाली मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया था। 28 जुलाई को ल्वाडी गदेरे के समीप सड़क का काफी बड़ा हिस्सा बह गया था। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। बाद में लोनिवि ने वैकल्पिक व्यवस्था कर किसी तरह वाहनों का आवागमन शुरू कराया, लेकिन सड़क की स्थिति अब भी खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पुश्ते टूटे होने से वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है। सड़क से उड़ती धूल-मिट्टी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से पैदल रास्ता भी प्रभावित हुआ था। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब शासन से 30 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी है। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता आरपी टम्टा ने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। दिसंबर माह से सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
