Udham Singh Nagar News:पंतनगर विवि अब पहाड़ों में लाएगा कृषि क्रांति – Pantnagar University Will Now Bring An Agricultural Revolution To The Hills
पंतनगर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि में कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्वतीय कृषि के सघन विकास की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि पंतनगर ने देश को हरित क्रांति दी, अब पर्वतीय क्रांति लानी है। इसके लिए रणनीति का क्रियान्वयन 30 दिन में धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) को जिले का कृषि ज्ञान केंद्र बनाने के निर्देश दिए, जहां किसानों को बीज से बाजार तक समाधान मिले।
निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सी. तिवारी ने मोटे अनाज, दलहन-तिलहन, सेब, कीवी, माल्टा और औषधीय पौधों को बढ़ावा देने तथा महिला किसानों व युवाओं को मशरूम, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन और कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण देने की बात कही। निदेशक शोध डॉ. एसके वर्मा ने वन्यजीवों से फसल सुरक्षा, सिंचाई, मृदा कटाव, जलवायु परिवर्तन और पलायन पर शोध की जानकारी दी।
अधिष्ठाता कृषि ने पाठ्यक्रम में पर्वतीय कृषि को स्थान देने और गांवों में विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव दिलाने पर जोर दिया। अधिष्ठाता सामुदायिक विज्ञान ने पोषण सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और युवा कौशल विकास की बात रखी। कुलसचिव और निदेशक प्रशासन सहित सभी अधिष्ठाता, निदेशक व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
