रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:संविधान दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, पौधरोपण से दिया जागरूकता का संदेश – Jammu Kashmir News

November 26, 2026


उधमपुर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को उधमपुर में विभिन्न स्थानों और स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, पौधरोपण अभियान, रैली और चिकित्सा शिविर आयोजित कर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।

लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में भी संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। कार्यक्रम के दौरान टेक्निकल अधिकारी इंजीनियर आतिश भारद्वाज ने एक्सईएन इंजीनियर सुनील कुमार थुसू की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इसमें सभी एईई, एई, जेई और अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में दिए गए समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन के अधिकारों के महत्व पर चर्चा की। साथ ही देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इसी उपलक्ष्य में उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त उधमपुर के निर्देश पर शहीद भगत सिंह पार्क में पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान पार्क परिसर में औषधीय गुणों वाले पौधे लगाए गए। नमामि देविका तीर्थ क्षेत्र के सदस्य विमल शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधे औषधीय गुणों से भरपूर हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के प्रति जागरूक भी किया गया। इस दौरान पार्क प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर आंबेडकर वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आंबेडकर चौक में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 20 डाक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान लोगों की आंखों, कानों, रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। इसके साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बारे में भी जानकारी दी गई। ट्रस्ट के संस्थापक गोविंद चलोत्रा ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से जल्द ही जीडीसी कालेज में भी मेडिकल जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला न्यायालय परिसर में भी संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएलएसए की चेयरमैन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कल्पना रेवो ने की। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, न्यायाधीश और अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा संविधान के महत्व, नागरिकों को दिए गए अधिकारों और उनके कर्तव्यों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल सिद्धांतों का पालन करने और न्याय, समानता व गरिमा के मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया।

इसके साथ ही शहीद इंस्पेक्टर कमल सिंह मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में भी संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान क्विज, डिबेट प्रतियोगिता के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। स्कूल के लेक्चरर राजेश शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को देश की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान दिवस के अवसर पर स्कूल में सुबह सबसे पहले संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और विद्यार्थियों को संविधान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X