रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:गुरु नानक देव के प्रकाशपर्व पर गुरुद्वारा दशमेश नगर में सजा दीवान – Jammu And Kashmir News

November 26, 2026


विभिन्न समुदायों के लोगों ने की शिरकत, डीसी राजेश शर्मा ने दिया गुरु नानक देव के संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान

संवाद न्यूज एजेंसी

कठुआ। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर के सावन चक्क स्थित गुरुद्वारा दशमेश नगर में जिला स्तरीय विशेष धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। खास बात यह रही कि समागम में विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अखंड पाठ के भोग के साथ हुआ। इसके बाद स्थानीय रागी जत्थों ने कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। वहीं, दरबार साहिब अमृतसर से पहुंचे भाई नवनीत सिंह ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान कथावाचक भाई हरप्रीत सिंह बडाला ने गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश देकर समाज को सत्य, प्रेम, समानता और सेवा का मार्ग दिखाया। कार्यक्रम में उपस्थित शिरोमणि डेरा नागली के मुखी महंत मंजीत सिंह ने भी अपने संबोधन में गुरुओं की शिक्षाओं का अनुसरण कर पूरी संगत से सद्भाव को बनाए रखने के लिए हरसंभव यत्न करने की नसीहत दी।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे डीसी राजेश शर्मा ने समस्त कठुआ वासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु की ओर से बताए गए अनुशासन और जीवन मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें आपसी सौहार्द, सामुदायिक सद्भाव और समाज की प्रगति के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती हैं। डीजीपीसी सदस्य मनिंदर पाल सिंह सौरव ने अपनी और गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से सभी धर्मों के लोगों को प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समूचे मानव समाज के कल्याण का संदेश देती हैं। वहीं, जिला सूचना अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने भी सभी कठुआ वासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर डीसी राजेश शर्मा को गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X