शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Unnao News:मारपीट की शिकायत करने निकले युवक का शव चकरोड किनारे मिला – Unnao News
उन्नाव

Unnao News:मारपीट की शिकायत करने निकले युवक का शव चकरोड किनारे मिला – Unnao News

November 11, 2026


सफीपुर। मारपीट की शिकायत करने थाने जाने की बात कहकर निकले युवक का शव गांव से करीब 600 मीटर दूर चकरोड किनारे मिला। शव के पास ही क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। एसओ ने मदद और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

आसीवन थाना क्षेत्र के मुंशी खेड़ा निवासी महेश (38) अमेठी जिले में सीमेंट के उपकरण बनाने की कंपनी में काम करता था। दिवाली पर दो दिन पहले ही घर आया था। छोटे भाई सूरज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के एक युवक से रविवार की रात आठ बजे महेश की गाली गलौज और मारपीट हुई थी। इस पर वह बाइक से शिकायत करने थाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात में घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।

सोमवार की सुबह मुंशीखेड़ा-जहांगीर नगर के कच्चे मार्ग पर जहांगीर निवासी दयाराम के आम के बाग के सामने महेश का शव पड़ा मिला। पास में क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी थी। सूचना पर सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी और थानाध्यक्ष ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच साक्ष्य एकत्रित किए। सूरज ने बताया कि पिता ने चार साल पहले और बड़े भाई शैलेंद्र ने तीन साल पहले फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सोमवार देर शाम शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। मंगलवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया।

पत्नी रूबी ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। परिजनों ने फास्ट ट्रैक से सुनवाई, 20 लाख रुपये मुआवजा जैसी मांगों को लेकर हंगामा करने लगे। इस पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और चार घंटे तक वार्ता के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पति की मौत से पत्नी, बेटी अनामिका, बेटे अभिषेक और यश के साथ अन्य परिजन बेहाल हैं।

थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें सिर की चोट से मौत की पुष्टि हुई है। पेट, हाथ और पैर में तीन चोटें मिली हैं। सीओ स्तर से मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

महेश (फाइल फोटो)

महेश (फाइल फोटो)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X