शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उत्तरकाशी

Uttarkashi News:धौंतरी से सिल्याण तक कीवी से संवर रही किसानों की आर्थिकी – From Dhauntari To Silyan, Kiwi Is Improving The Economy Of Farmers

November 14, 2026


पिछले कुछ सालों में क्षेत्र में उत्पादन 100 मीट्रिक टन से अधिक पहुंचने का अनुमान

उत्तरकाशी। जिले में कीवी की खेती किसानों की आजीविका का नया सहारा बन रही है। डुंडा ब्लॉक की गाजणा पट्टी के धौंतरी, ठांडी और कामद से लेकर जिला मुख्यालय के नजदीकी सिल्याण गांव तक किसान कीवी के बाग तैयार कर रहे हैं। उद्यान विभाग के अनुसार जिले में करीब 100 किसान 35 हेक्टेयर भूमि पर कीवी उगा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में क्षेत्र में उत्पादन करीब 100 मीट्रिक टन से अधिक पहुंचने का अनुमान है।

धौंतरी क्षेत्र में किसान हेवर्ड और एलिसन प्रजाति की कीवी उगा रहे हैं। धौंतरी के किसान अमित बहुगुणा ने बताया कि वह 2016-17 से इसकी खेती कर रहे हैं। पिछले पांच-छह वर्षों से उन्हें हर साल करीब 12 क्विंटल हेवर्ड की पैदावार मिल रही है। इस तरह सालान ढाई से तीन लाख रूपये कीवी से कमा रहे हैं।

वहीं जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव सिल्याण के किसान गोविंद सिंह गुसाईं करीब 10 क्विंटल हेवर्ड कीवी का उत्पादन कर रहे हैं। वह इसे 250 रुपये प्रति किलो तक बेचते हैं। उद्यान विभाग ने धौंतरी में कीवी क्लस्टर बनाने की योजना तैयार की है। मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह के अनुसार कीवी मिशन के तहत जिले के सैकड़ों किसानों ने सहायता के लिए आवेदन किया है।

कीवी नीति के तहत पात्र किसानों को 50 से 70 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। उत्पादन किस तरह करना है उसकी भी ट्रेनिंग दी जाती है। कीवी की बिक्री उत्तरकाशी के अलावा देहरादून, ऋषिकेश और टिहरी के बाजारों में भी हो रही है। किसानों के अनुसार बंदरों और जंगली सुअरों से अन्य फसलों की तुलना में इसे कम नुकसान होता है। हालांकि पौधों से अच्छी पैदावार मिलने में तीन-चार साल लगते हैं और सिंचाई व पाले से बचाव की व्यवस्था जरूरी है। इनके साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियां भी आसानी से उगाई जाती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X