शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उत्तरकाशी

Uttarkashi News:सौली में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट पर पत्थरबाजी, खिलाड़ियों में मची दहशत – Stone Pelting At Indoor Badminton Court In Souli, Players Panicked

November 7, 2026


नौगांव (उत्तरकाशी)। सौली कस्बे के समीप स्थित एक निजी इंडोर बैडमिंटन कोर्ट में अज्ञात लोगों की पत्थरबाजी से खिलाड़ियों में दहशत फैल गई। बीती शाम बैडमिंटन खेल रहे खिलाड़ियों के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक कोर्ट की छत पर पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। करीब दस मिनट तक हुई इस पत्थरबाजी से कोर्ट की छत को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कोर्ट संचालक ने स्थानीय पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सौली के समीप बने इस इंडोर बैडमिंटन कोर्ट में बड़कोट और नौगांव क्षेत्र के सरकारी कर्मचारी और युवा नियमित रूप से सुबह-शाम खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। बीते शाम करीब साढ़े छह बजे कोर्ट के अंदर छह खिलाड़ी बैडमिंटन खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने कोर्ट की छत पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। लगातार पत्थर गिरने की आवाज से खिलाड़ी घबरा गए। जब तक वे कुछ समझ पाते, पत्थर फेंकने वाले मौके से फरार हो गए।

कोर्ट संचालक डॉ. अमित रावत ने बताया कि घटना के समय वह स्वयं भी कोर्ट के अंदर मौजूद थे। पिछले चार वर्षों में पहली बार इस तरह की घटना सामने आई है, जिससे वह भी हैरान हैं। उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी से कोर्ट की छत को क्षति पहुंची है। डॉ. रावत ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को देते हुए शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना ने क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए बने निजी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X