Yamuna Nagar News:अभिभावकों संग विद्यार्थियों के भविष्य पर किया मंथन – Deliberated With Parents On The Future Of The Students
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग की ओर से शनिवार को बीसीए प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित की गई। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रणदीप की अगुवाई में हुई बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उपस्थिति और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा की गई।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से महाविद्यालय के संपर्क में रहने की अपील की, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रणदीप ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की आंतरिक परीक्षाओं के परिणाम और कक्षा में उपस्थिति की जानकारी दी। उन्होंने आगामी परीक्षाओं की तैयारी और नियमित कक्षाओं में भाग लेने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं।
ऐसे में विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। बैठक में विद्यार्थियों के कौशल विकास, बेहतर कॅरिअर निर्माण और प्लेसमेंट के अवसरों पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों राजिंद्र कुमार, दीप कुमार, राजीव कुमार, संतोषी, शर्मिला, गीता रानी और पूनम ने महाविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए सुझाव दिए।
