Yamuna Nagar News:कम परिणाम वाले स्कूलों में चलेगा अभियान – A Campaign Will Be Conducted In Schools With Poor Results
जगाधरी। शिक्षा विभाग 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 33 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले स्कूलों की सूची तैयार कर रहा है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर अतिरिक्त पढ़ाई और विशेष सुधार शिविरों के माध्यम से परिणाम बेहतर करने पर जोर रहेगा।
शिक्षा विभाग की कार्ययोजना के अनुसार स्कूलों के प्रदर्शन का आकलन मध्यावधि परीक्षाओं के परिणामों के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद विद्यालयों को उनके परिणाम के अनुसार लाल, पीली और हरी तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा। 50 प्रतिशत से कम परिणाम वाले स्कूल लाल श्रेणी में रखे जाएंगे। इन स्कूलों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
50 से 80 प्रतिशत तक परिणाम वाले स्कूल पीली श्रेणी में शामिल होंगे। इनके प्रदर्शन की हर महीने समीक्षा होगी। वहीं, 80 प्रतिशत से अधिक परिणाम वाले स्कूल हरी श्रेणी में रहेंगे। इन स्कूलों की बेहतर शिक्षण पद्धतियों को दूसरे विद्यालयों के साथ साझा किया जाएगा। योजना में स्कूलों के कमजोर परिणाम के कारणों की समीक्षा भी की जाएगी।
स्कूल मुखियाओं को परिणाम सुधारने की रणनीति बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिन विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर रहेगा, उन विषयों के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। लक्ष्य शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले स्कूलों की संख्या बढ़ाने का है।
कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष ध्यान
मध्यावधि परीक्षा में कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विषयवार सूची तैयार की जाएगी। शिक्षक उनसे बातचीत कर यह जानेंगे कि उन्हें पाठ समझने, सवाल हल करने और परीक्षा की तैयारी में कहां परेशानी आ रही है। इसके आधार पर अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। गर्मियों की छुट्टियों में कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष सुधार शिविर लगाने की भी योजना है। बोर्ड परीक्षाओं से पहले नियमित अभ्यास, पाठ्यक्रम की दोहराई और प्रश्न हल करने की क्षमता पर ध्यान दिया जाएगा।
कार्ययोजना का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम बढ़ाना ही नहीं, बल्कि कमजोर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार करना भी है। स्कूलों की नियमित समीक्षा और विषयवार तैयारी के माध्यम से बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। – प्रेमलता बक्शी, जिला शिक्षा अधिकारी।
