Yamuna Nagar News:यमुना नहर में स्नान कर रही महिला पानी में बही – Woman Bathing In Yamuna Canal Swept Away In Water
यमुनानगर। कार्तिक माह में स्नान करने के लिए रविवार तड़के पश्चिमी यमुना नहर में उतरी 55 वर्षीय महिला पानी के तेज बहाव में डूब गई। मां को डूबता देख छोटा बेटा उसे बचाने के लिए नहर में ही संघर्ष करने लगा। दोनों को बहता देख बड़े बेटे उन्हें बचाने का प्रयास किया। अमित के हाथ में छोटे भाई का हाथ तो आ गया लेकिन मां का हाथ छूट गया।
अमरपुरी कॉलोनी निवासी जयपाल के अनुसार पत्नी ममता देवी रविवार सुबह करीब चार बजे कार्तिक स्नान के लिए घर से निकली थीं। उनके साथ पड़ोस में रहने वाली महिला, दोनों बेटे और बहू भी थे। परिवार कार से ओपी जिंदल पार्क के साथ बने नहर के घाट पर पहुंचा था। ममता के बड़े बेटे अमित ने बताया कि वह कार में ही बैठा रहा और उसका छोटा भाई, मां, भाभी और पड़ोस में रहने वाली आंटी नहर में स्नान करने चले गए।
अमित के अनुसार स्नान करते समय मां का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगीं। छोटे भाई ने मां को पकड़ कर बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बहने लगे। यह देखकर अमित भी उन्हें बचाने के लिए दौड़ा।
उसने किसी तरह छोटे भाई का हाथ पकड़ लिया लेकिन मां का हाथ छूट गया। देखते-ही-देखते ममता पानी में बह गईं। इसके बाद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को सूचना दी गई। सभी घाट पर पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। महिला के पति जयपाल और अन्य परिजनों ने नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई।
उनका आरोप है कि शुरुआत में पुलिस की चार-पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन मदद के लिए कोई गोताखोर नहीं आया। उन्हें बताया गया कि गोताखोरों की ड्यूटी कपालमोचन मेले में लगी हुई है।
जयपाल ने बताया कि उन्होंने शहर के एक निजी गोताखोर से संपर्क किया तो उसने महिला की तलाश करने के लिए 20 हजार रुपये मांगे। परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऐसा हादसा किसी नेता के परिवार के साथ हुआ होता तो सारी सुविधाएं मिनटों में उपलब्ध करवा दी जातीं।
कपालमोचन मेले से बुलाया गया गोताखोर
बाद में प्रशासन की ओर से कपालमोचन मेला ड्यूटी से गोताखोर अमर सिंह कांबोज को मौके पर भेजा गया। उन्होंने नहर में उतरकर महिला की तलाश की लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन घाट पर बैठकर ममता के मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
गोताखोर की मदद से महिला की पश्चिमी यमुना नहर में तलाश करवाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। – मनोज कुमार, थाना प्रभारी शहर यमुनानगर।

यमुना नहर में महिला की तलाश करते गोताखोर व मौजूद परिजन। संवाद
