अपराधियों और माफिया के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में पुलिस ने उनके आर्थिक स्रोतों पर प्रहार किया। गैंगस्टर एक्ट के तहत 24.59 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जबकि 558 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तीन जिलों में 301 नई हिस्ट्रीशीट भी खोली गई। गाजीपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई कर आईएस-191 गैंग के शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की सात करोड़ की अचल संपत्ति जब्त की। 9.50 करोड़ रुपये के होटल को भी जब्त किया जा चुका है।
मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्सा अंसारी की 8.91 लाख रुपये की संपत्ति के साथ दिल्ली में तीन भूखंड और लखनऊ में दो मकान भी जब्तीकरण की कार्रवाई में शामिल रहे। गंभीर अपराधों के खुलासे में चंदौली पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया। यहां हत्या की 21 घटनाओं में से 20 और लूट की 20 घटनाओं में से 19 का अनावरण किया गया। गाजीपुर में डकैती की एक भी घटना दर्ज नहीं हुई। वहीं, जौनपुर में चेन स्नैचिंग और पॉक्सो एक्ट के मामलों में 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।