पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) के रथ पर सवार होकर सत्ता में वापसी की बाट जोह रही समाजवादी पार्टी दलितों को रिझाने में लगी है। रविवार को जीआईसी मैदान में होने वाले दलित सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए के नारे को धार देंगे। साथ ही दलितों की राजधानी कहे जाने वाले आगरा से विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शंखनाद करेंगे।
दिल्ली से निजी विमान से दोपहर करीब 12 बजे अखिलेश यादव खेरिया हवाई अड्डे आएंगे। यहां से पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। शनिवार को सभा स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गईं। सम्मेलन के संयोजक एवं सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने बताया कि सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 30 जिलों के कार्यकर्ता एकत्र होंगे।
दलित सम्मेलन के लिए आगरा को चुनने पर सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना का केंद्र है। उन्होंने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों पर सर्वाधिक अत्याचार हुए हैं। सरकारी कार्रवाई लचर रही है। ध्रुवीकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि धर्म की राजनीति की अवधि सीमित होती है। 2027 का चुनाव जज्बात के बजाय रोटी व रोजगार पर लड़ा जाएगा।
चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन को सपा सांसद ने बताया नादान
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों नेताओं को नादान बताते हुए कहा कि धारा के विपरीत जाने वाले लोग जाने-अनजाने भाजपा की ही मदद कर रहे हैं। सुमन ने कहा कि प्रदेश की जनता का मन स्पष्ट है और भाजपा को हराने वाली सभी शक्तियां समाजवादी के झंडे तले एकजुट हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि नेता साथ आएं या न आएं, जनता में वोटों का ध्रुवीकरण स्वतः होगा और सपा अकेले दम पर भाजपा को परास्त करने में सक्षम है।