सेना की आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अंबाला के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सिम आधारित सोलर कैमरे लगाए जाने के मामले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी शहजाद भट्टी के इशारे पर उसके हैंडलर हसन गुज्जर ने ये कैमरे लगवाए थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर कैमरे लगाने की साजिश में भी हसन गुज्जर की भूमिका सामने आई है। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पाकिस्तानी मूल का हसन गुज्जर अभी फरार है। जांच में हसन गुज्जर की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
आरोपी मनप्रीत की जमानत याचिका खारिज
इस मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार बंसल की अदालत ने आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी (25) की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। सोमवार को सुनाए गए आदेश में अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इन्कार कर दिया।