बारिश का मौसम बीतने के बाद भी आदि कैलाश मार्ग पर पहाड़ी के दरकने का सिलसिला नहीं थम रहा है। फिर से पहाड़ी दरकने से आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर शनिवार को आठ घंटे यातायात ठप रहा। इस कारण व्यास घाटी का सड़क संपर्क तहसील मुख्यालय से घंटों कटा रहा। दोनों तरफ फंसे आदि कैलाश यात्रियों के साथ ही ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों और ग्रामीणों को सामान पीठ पर ढोकर पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर मांगती नाले के पास व्यालधार में शनिवार तड़के करीब पांच बजे पहाड़ी दरक गई। भारी भरकम बोल्डर और मलबा आने से सड़क बंद हो गई। इसके चलते आदि कैलाश यात्री, व्यास घाटी के ग्रामीण तथा अनकों वाहन दोनों ओर फंसे रहे। सड़क खुलने में समय लगने के कारण अनेक ग्रामीणों ने सामान कंधे में रखा और बोल्डरों के बीच जोखिम उठाकर पैदल आवाजाही की। पलटी में वाहन न मिलने पर कई लोगों को पैदल सफर कर गंतव्य को रवाना होना पड़ा।
सड़क बंद होने की सूचना पर बीआरओ के कर्मचारी और थाना पांगला से हेड कांस्टेबल सोबन सिंह बनग्याल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 65 आरसीसी ग्रिफ के कर्मचारियों ने दो जेसीबी लगाकर दोपहर करीब एक बजे बंद सड़क को खोलकर यातायात सुचारु किया। आवाजाही शुरू होने से आदि कैलाश यात्री और ग्रामीण गंतव्य को रवाना हुए और उन्होंने राहत की सांस ली।