Lakhimpur Kheri News:छात्रवृत्ति के हजारों आवेदन पोर्टल पर अटके – Thousands Of Scholarship Applications Stuck On The Portal
लखीमपुर खीरी। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं के फॉर्म शिक्षण संस्थानों के पोर्टल पर लंबित हैं। सत्यापन और अग्रसारण में सुस्ती पर सीडीओ योगानंद पांडेय ने नाराजगी जताते हुए तीन विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पूर्वदशम और कक्षा 11 व 12 के छात्रवृत्ति आवेदनों की अंतिम तिथि 20 नवंबर है, जबकि शिक्षण संस्थानों को इन्हें 23 नवंबर तक ऑनलाइन अग्रसारित करना है। इसके बावजूद पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ और दस तथा कक्षा 11 व 12 के करीब तीन हजार आवेदन लंबित हैं।
दशमोत्तर छात्रवृत्ति के आवेदन और उन्हें शिक्षण संस्थानों की ओर से ऑनलाइन अग्रसारित करने की प्रक्रिया में भी हजारों फॉर्म लंबित हैं। सीडीओ ने समीक्षा के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों का सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में अग्रसारित कराने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि छात्रहित से जुड़ी योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय से आवेदन अग्रसारित होने पर ही पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा।
