शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
इंदौर:इंदौर में आधा दर्जन स्थानों पर पटाखे के कारण आग, फ्लैट, गोदाम जले – Indore: Fires Break Out At Half A Dozen Locations In Indore Due To Firecrackers; Flats And A Warehouse Gutted.
इंदौर

इंदौर:इंदौर में आधा दर्जन स्थानों पर पटाखे के कारण आग, फ्लैट, गोदाम जले – Indore: Fires Break Out At Half A Dozen Locations In Indore Due To Firecrackers; Flats And A Warehouse Gutted.

November 9, 2026


इंदौर में दीपावली पर की गई आतिशबाजी कई जगह आगजनी की घटनाओं की वजह बनी। शहर में छह से ज्यादा छोटी-बड़ी आग लगने की घटनाएं हुईं। हालांकि, किसी घटना में जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का सामान जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में फ्लैट, गैराज, फर्नीचर गोदाम और दुकानें आ गईं। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाकर बड़े हादसों को टाल दिया।

स्कीम-54 में रजत ज्वेलर्स के ऊपर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई। आग बुझाने के लिए आसपास के फायर स्टेशनों से तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग में घर का सामान जल गया। हालांकि, आग फैलने से पहले ही परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल गए थे।

इसके अलावा सरवटे बस स्टैंड पर छत पर रखे टायरों में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। चिंगारी टायरों पर गिरते ही उनमें से काला धुआं निकलने लगा। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आग की लपटें तेज हो गई थीं। इस घटना में केवल टायर जले।

आग लगने की एक बड़ी घटना खजराना क्षेत्र में हुई। यहां गैराज और फर्नीचर के गोदाम में आग लग गई। इसके कारण नया फर्नीचर जलकर राख हो गया। आग पटाखे की चिंगारी से लगी थी।परदेशीपुरा में एक कपड़े की दुकान में भी आग लग गई।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग को फैलने से रोका। वहीं, नंदबाग क्षेत्र के एक खाली प्लॉट में पड़े कचरे ने आग पकड़ ली। आसपास के मकानों को आग से नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते रहवासियों ने फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

पटाखों का कचरा जलाने से भी बढ़ा खतरा

लोगों ने रविवार को जमकर आतिशबाजी की। कई स्थानों पर पटाखों की पैकिंग और अन्य कचरा इकट्ठा कर जला दिया गया। इससे आग लगने का खतरा बढ़ गया। हवा चलने के कारण चिंगारियां आसपास फैलने की आशंका भी बनी रही।

इधर, इंदौर के मांगलिया स्थित पेट्रोलियम डिपो में सुरक्षा के मद्देनजर रातभर टीमें और दमकल वाहन तैनात रहे। डिपो के आसपास ऊंचाई वाली आतिशबाजी करने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X