रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:शहडोल में नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना दबाने का आरोप, आरक्षक पर 20 हजार में सौदेबाजी का दावा – Allegation Of Suppressing Information About A Minor’s Pregnancy; Police Constable Demanded ₹20,000
शहडोल

एमपी:शहडोल में नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना दबाने का आरोप, आरक्षक पर 20 हजार में सौदेबाजी का दावा – Allegation Of Suppressing Information About A Minor’s Pregnancy; Police Constable Demanded ₹20,000

November 24, 2026


Allegation of suppressing information about a minor's pregnancy; police constable demanded ₹20,000

जिला अस्पताल चौकी का मामला।

विस्तार

शहडोल जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ एक आरक्षक पर नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की अस्पताल से मिली पुलिस सूचना दबाने और आरोपी पक्ष से 20 हजार रुपये में सौदा तय करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में आरक्षक के कई कथित ऑडियो सामने आए हैं। इनमें वह आरोपी पक्ष पर रुपये देने का दबाव बनाते और पुलिस सूचना की तहरीर अपने घर ले जाने की बात कहते सुनाई दे रहा है। हालांकि, इन ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का है। किशोरी करीब आठ माह की गर्भवती थी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि किशोरी नाबालिग और अविवाहित है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी और तहरीर तैयार की। अस्पताल चौकी में पदस्थ आरक्षक सुशील पटेल ने 17 तारीख को यह तहरीर प्राप्त की थी।

पढे़ं: गन्ने के दाम को लेकर किसानों का डेरा, 600 रुपये भाव और 50 रुपये बोनस की मांग; सरकार के फैसले का इंतजार

आरोप है कि तहरीर मिलने के बाद आरक्षक ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया। इसके बाद आरोपी पक्ष की जानकारी जुटाकर उसके एक रिश्तेदार के माध्यम से बातचीत शुरू की। कथित तौर पर 20 हजार रुपये में मामला दबाने का सौदा तय हुआ। इसमें से 10 हजार रुपये लेने के बाद पुलिस सूचना की तहरीर दबा दी गई।

शुरुआत में बदनामी के डर से पीड़ित परिवार पुलिस में शिकायत करने को तैयार नहीं था। हालांकि, दो दिन बाद एक परिचित के समझाने पर परिवार ने शिकायत करने का फैसला किया। इसी बीच अस्पताल चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों को मामले की जानकारी मिल गई। उन्होंने तत्काल जरूरी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित थाना प्रभारी को अवगत कराया। इसके बाद जयसिंहनगर पुलिस ने सोहागपुर थाने से संपर्क कर शून्य पर अपराध दर्ज कराया।

सामने आए कथित ऑडियो में आरक्षक तहरीर अपने घर ले जाने, अन्य पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं देने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से दोबारा तहरीर जारी करवाने जैसी बातें करता सुनाई दे रहा है। इन ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।

क्या बोले सीएसपी मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे?

सीएसपी मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि यदि अस्पताल चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी ने ऐसा किया है तो यह गंभीर लापरवाही है। ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मामले में अपराध दर्ज कर जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X