बेटे की दवा दिलाने दिल्ली जा रहे परिवार की कार रविवार सुबह निर्माणाधीन हाईवे पर सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। कोतवाली क्षेत्र में नई पुलिस लाइन के पीछे गांव कायमपुर बहेड़िया के पास हुए इस भीषण हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि मां-बेटा समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक कार के अंदर ही फंस गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार सोरों के मोहल्ला बाहर दहलाना निवासी रीना (35) पत्नी रानू रविवार सुबह करीब 7:10 बजे बेटे अक्षत (12) को दवा दिलाने के लिए नोएडा जा रही थीं। कार में उनके साथ विपिन कुमार (35) पुत्र राकेश कुमार उपाध्याय निवासी अंदर दहलान भी सवार थे। पुलिस लाइन के पास निर्माणाधीन हाईवे पर सामने से आ रही पिकअप से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक राजू उर्फ राजीव (35) पुत्र रूप किशोर निवासी मोहल्ला चंदन चौक, सोरों की मौत हो गई। वहीं कार सवार विपिन कुमार, रीना और अक्षत घायल हो गए।