कौन हैं 5 भारतीय-अमेरिकी सांसद, जो दिवाली को बनाना चाहते हैं अमेरिका का फेडरल हॉलीडे? क्यों उठी ये मांग
भारत में दिवाली के 5 दिनों का उत्सव पूरे देश के लिए जश्न का माहौल लेकर आता है. बॉर्डर पर मौजूद सैनिकों से लेकर घर-घर में श्रीराम के स्वागत में दीपावली का पावन पर्व मनाया जाता है. पर दिवाली सिर्फ भारत का फेस्टिवल नहीं है. पूरी दुनिया में मौजूद भारतीय इन 5 दिनों के उत्सव को पूरे उल्लहास से मनाते हैं. यही वजह है कि अब अमेरिका में भी इस उत्सव को मनाने की मांग उठने लगी है. 5 भारतीय-अमेरिकी सांसदों समेत कुल 19 अमेरिकी सांसद मिलकर एक नया बिल लाए हैं, जिसमें दिवाली को अमेरिका में सरकारी छुट्टी बनाने की बात कही गई है.
यह बिल कांग्रेस वुमन ग्रेस मेंग ने दोबारा पेश किया है. इसमें दिवाली को पूरे देश में आधिकारिक त्योहार के रूप में मान्यता देने की कोशिश की जा रही है. इस बिल का समर्थन करने वाले पांच भारतीय मूल के सांसद हैं, राजा कृष्णमूर्ति, सुहास सुब्रमण्यम, श्री थानेदार, रो खन्ना और अमी बेरा. ये सब उस 19 सदस्यों वाले ग्रुप का हिस्सा हैं जो इस बिल को आगे बढ़ा रहे हैं.
दिवाली डे एक्ट क्या है?
यह बिल कांग्रेस वुमन ग्रेस मेंग ने पेश किया है. वे कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस (CAPAC) की अध्यक्ष भी हैं. ग्रेस मेंग ने कहा कि इस बिल से आम अमेरिकी लोग दिवाली के महत्व को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे. उन्होंने कहा, ‘मेरा दिवाली डे एक्ट लोगों को बताएगा कि यह दिन कितना खास है. मैं एक ऐसा देश बनाना चाहती हूं जहां हर संस्कृति को इज्जत मिले.’ इस बिल में दिवाली को हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदायों का महत्वपूर्ण त्योहार माना गया है. दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और इंडो-कैरेबियन समुदायों के करोड़ों लोग भी इसे मनाते हैं.
मेंग ने कहा कि दिवाली अलग-अलग समुदायों के लिए थोड़ा अलग मतलब रखती है, लेकिन सबके लिए यह प्रार्थना, सोचने-विचारने और परिवार के साथ मिलने-जुलने का मौका है. उन्होंने खासतौर पर इस बात पर जोर दिया कि अभी अमेरिका में हिंदू और दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ नफरत बढ़ रही है. ऐसे में दिवाली को सरकारी छुट्टी बनाना एक बड़ा संदेश देगा कि ये लोग भी अमेरिका के बराबर के नागरिक हैं. मेंग ने कहा, ‘दिवाली बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है. जब हिंदू-विरोधी और दक्षिण एशियाई-विरोधी नफरत बढ़ रही है, तब दिवाली को फेडरल छुट्टी बनाने से साफ संदेश जाएगा कि हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध भी इस समाज के जरूरी हिस्से हैं.’
इस बिल पर अचानक ध्यान क्यों गया?
Firstpost की रिपोर्ट बताती है कि CAPAC ने पिछले दिनों हिंदू और दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ते हमलों और धमकियों की शिकायत की है. उन्होंने बताया कि हिंदू मंदिरों पर तोड़फोड़ हो रही है, इलिनॉय में नवरात्रि के दौरान एक मंदिर में गोलीबारी की कोशिश हुई और वॉशिंगटन स्टेट में दिवाली के कार्यक्रम में नस्लवादी लोगों ने बाधा डाली. CAPAC ने कहा कि इन घटनाओं को हल्के में नहीं लेना चाहिए और संघीय एजेंसियों को इनकी गंभीर जाँच करनी चाहिए.
ग्रेस मेंग ने सिएटल वाली घटना की भी आलोचना की. उन्होंने कहा, “मेरा बिल दिवाली को सरकारी छुट्टी बना देगा. यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था. सिएटल में जो नस्लवादी व्यवहार हुआ, वह दिवाली की भावना के खिलाफ है. हर किसी को बिना डरे अपना त्योहार मनाने का हक होना चाहिए. हमें हर तरह की नफरत के खिलाफ एक साथ खड़ा होना चाहिए.”
अगर यह बिल पास हो जाता है, तो दिवाली अमेरिका की 12वीं फेडरल लीव बन जाएगी. समर्थकों का कहना है कि इससे अमेरिका की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता को सही तरह से दिखाया जा सकेगा. इस बिल को कई संगठनों का समर्थन भी मिला है. इनमें एशियन अमेरिकन्स एडवांसिंग जस्टिस, एशियन अमेरिकन फेडरेशन, कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका, हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स, हिंदू टेम्पल सोसाइटी ऑफ नॉर्थ अमेरिका, इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट, इंडियन डायस्पोरा काउंसिल, इंडो-कैरेबियन अलायंस, नेशनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन बार एसोसिएशन, सिख अमेरिकन लीगल डिफेंस एंड एजुकेशन फंड, द सिख कोएलिशन और साउथईस्ट एशिया रिसोर्स एक्शन सेंटर शामिल हैं. ग्रेस मेंग ने लूनर न्यू ईयर को भी संघीय अवकाश बनाने वाला एक और बिल भी पेश किया है.
