शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क विकास के लिए आयोडीन जरूरी :कमल – Iodine Is Essential For The Brain Development Of The Fetus: Kamal
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क विकास के लिए आयोडीन जरूरी :कमल – Iodine Is Essential For The Brain Development Of The Fetus: Kamal

November 7, 2026


Iodine is essential for the brain development of the fetus: Kamal

मल्होट गांव में कार्यक्रम में मौजूद लोग और स्वास्थ्य अधिकारी। -स्रोत : स्वास्थ्य विभाग

झंडूता (बिलासपुर)। स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने कहा कि गर्भावस्था में आयोडीन की कमी शिशु के मस्तिष्क विकास को प्रभावित कर सकती है। इसलिए भोजन में आयोडीन युक्त नमक का सीमित उपयोग जरूरी है। वे मल्होट और पीएचसी मरोतन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे।

राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार रोकथाम दिवस पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल भारद्वाज के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सलवाड़ के गांव मल्होट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरोतन में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की अध्यक्षता महिला मंडल प्रधान ममता देवी ने की।

कमल कुमार ने बताया कि आयोडीन थायराइड ग्रंथि के सामान्य कामकाज और शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व है। इसकी कमी से घेंघा रोग हो सकता है और बच्चों की सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने नमक को नमी से बचाकर सूखे व बंद बर्तन में रखने की सलाह दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता रक्षा, सीएचओ नितिका और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

शिविर में टीबी जांच के लिए 71 लोगों के किए छाती के एक्स-रे

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान एसटीएलएस कश्मीर सिंह ने लोगों को टीबी रोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी कैसे फैलती है और इससे बचाव के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। उन्होंने लंबे समय तक खांसी, बुखार, रात को पसीना आना और वजन कम होने जैसे लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने की सलाह दी। शिविर के दौरान 71 लोगों के छाती के एक्स-रे भी किए गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X