रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चर्च से मस्जिद बनी हागिया सोफिया के नीचे चल रही थी खुदाई, ठन-ठन की आवाज से चौंके सब, बसी मिली अलग ही दुनिया!
वायरल

चर्च से मस्जिद बनी हागिया सोफिया के नीचे चल रही थी खुदाई, ठन-ठन की आवाज से चौंके सब, बसी मिली अलग ही दुनिया!

November 27, 2026


Last Updated:

तुर्की के इस्तांबुल स्थित ऐतिहासिक हागिया सोफिया के नीचे करीब 3,000 टन मलबा हटाने के बाद 420 मीटर लंबा सुरंगों का नेटवर्क मिला है. संस्कृति और पर्यटन मंत्री मेहमत नूरी एरसोय ने बताया कि यह तुर्की गणराज्य के इतिहास का सबसे बड़ा रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट है. खुदाई में मौजूदा इमारत से भी पुरानी निशानियां और एक अंडरग्राउंड कब्र मिली है. सरकार जल्द ही इन सुरंगों को विजिटर्स के लिए खोलने की तैयारी कर रही है.

चर्च से मस्जिद बनी हागिया सोफिया के नीचे खुदाई के दौरान मिलीं 9 पुरानी सुरंगेंZoom

Hagia Sophia Tunnels: 3,000 टन मलबा हटाने पर मिली 420 मीटर लंबी सुरंगें. (Image : Culture and Tourism Ministry, Turkey)

नई दिल्ली: तुर्की के इस्तांबुल में मौजूद ऐतिहासिक इमारत हागिया सोफिया के नीचे चल रही खुदाई ने पुरातत्वविदों को हैरान कर दिया है. इस विशाल इमारत के नीचे से करीब 3,000 टन मलबा और मिट्टी हटाने के बाद 420 मीटर लंबा ऐतिहासिक सुरंगों का नेटवर्क सामने आया है. तुर्की के संस्कृति और पर्यटन मंत्री मेहमत नूरी एरसोय ने हाल ही में रेस्टोरेशन साइट का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी. मंत्रालय के मुताबिक यह काम तुर्की गणराज्य के इतिहास का सबसे बड़ा रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट है. इस सफाई अभियान में ऐसी कई अनदेखी जगहें और बनावटें मिली हैं, जो मौजूदा हागिया सोफिया इमारत से भी पुरानी हो सकती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह अंडरग्राउंड नेटवर्क पुराने समय में शहर की पानी सप्लाई और बारिश के पानी की निकासी का अहम हिस्सा था.

वजीर गार्डन और वेस्ट गार्डन की खुदाई में क्या खास मिला?

मंत्री एरसोय ने बताया कि सफाई का काम मुख्य रूप से वजीर गार्डन और वेस्ट गार्डन हिस्सों में किया गया. वजीर गार्डन में एक हाइपोजियम यानी भूमिगत कब्र मिली है. इसका मुख्य चैंबर करीब 8 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा है. इस चैंबर से पूर्व और पश्चिम दिशा में दो रास्ते निकलते हैं. करीब 25 मीटर लंबे पूर्वी हिस्से की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि पश्चिमी हिस्से पर काम जारी है.

वेस्ट गार्डन हिस्से में रिसर्चर्स ने 6 अलग-अलग चैंबर और उनसे जुड़ी 9 सुरंगों की पहचान की है. इनमें से 7 सुरंगों से मिट्टी निकाली जा चुकी है. बाकी दो सुरंगों के दस्तावेजीकरण का काम पूरा कर लिया गया है. इस पूरे नेटवर्क में टनल 4 सबसे लंबी है, जिसकी लंबाई 180 मीटर है. यह सुरंग फातिह मदरसा के सामने से शुरू होकर विजिटर एंट्रेंस की तरफ जाती है. रिसर्चर्स का अनुमान है कि यह सुरंग किसी पुराने रोमन रोड से जुड़ी रही होगी.

क्या आम टूरिस्ट भी इन अंडरग्राउंड सुरंगों को देख सकेंगे?

रेस्टोरेशन टीमों ने क्षतिग्रस्त मेहराबों की मरम्मत कर दी है और सुरंगों को मजबूत रखने के लिए स्टेनलेस स्टील के सपोर्ट लगाए हैं. तकनीकी जांच में सामने आया कि मौजूदा अंडरग्राउंड आउटलेट इमारत की जरूरत का सिर्फ 3.6 प्रतिशत वेंटिलेशन ही दे पा रहा था. हुर्रियत डेली न्यूज़ में छपी रिपोर्ट के अनुसार, अब मंत्रालय इन ऐतिहासिक सुरंगों को आम लोगों के लिए खोलने की योजना बना रहा है. मंत्री एरसोय ने कहा, ‘हम सुरक्षित अंडरग्राउंड हिस्सों को विजिटर्स के सामने लाने के लिए एक एग्जिबिशन प्रोजेक्ट तैयार करेंगे’.

क्या है हागिया सोफिया का इतिहास?

ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अनुसार यह इमारत 537 ईस्वी में बीजान्टिन सम्राट जस्टिनियन प्रथम के दौर में एक विशाल ईसाई चर्च के रूप में बनाई गई थी. साल 1453 में उस्मानिया सल्तनत के सुल्तान महमूद द्वितीय ने इसे मस्जिद में बदल दिया. आधुनिक तुर्की के निर्माता मुस्तफा कमाल अतातुर्क ने साल 1934 में इसे एक म्यूजियम घोषित कर दिया था. इसके बाद जुलाई 2020 में तुर्की सरकार ने इसे फिर से मस्जिद बना दिया.

authorimg
दीपक वर्माDeputy News Editor

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…

और पढ़ें

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X