रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छत्तीसगढ़:हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचला; ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान – Korba Elephant Attack Tractor Damaged Villagers Escape
कोरबा

छत्तीसगढ़:हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचला; ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान – Korba Elephant Attack Tractor Damaged Villagers Escape

November 24, 2026


छत्तीसगढ़ के कोरबा में हाथियों को जंगल से खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर झुंड के एक हाथी ने हमला कर दिया। अचानक हाथी को अपनी ओर दौड़ता देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका और पैरों से कुचल दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने पहुंचे थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा हुआ है। ग्रामीणों को आशंका थी कि हाथी जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र में घुस सकते हैं और धान की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी वजह से ग्रामीण लगातार हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे। सोमवार सुबह भी जिल्गा गांव के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे। उनका इरादा ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को डराकर जंगल से दूर भगाने का था।

झाड़ियों से निकला हाथी, ग्रामीणों में मची चीख-पुकार

ग्रामीणों की कोशिश के दौरान झुंड में शामिल एक हाथी अचानक झाड़ियों से बाहर निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को तेजी से अपनी तरफ आता देख ट्रैक्टर में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर जंगल में अलग-अलग दिशाओं में भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई।

सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचला ट्रैक्टर

ग्रामीणों के भागने के बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। उसने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण किसी तरह गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बाद में गांव के एक अन्य किसान का ट्रैक्टर लेकर ग्रामीण जंगल पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को टोचन कर गांव लाया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कोरबा के जंगलों में अलग-अलग झुंड कर रहे विचरण

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। अधिकारियों ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया है कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी तथा करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है।

वन विभाग की अपील-खुद हाथियों को न खदेड़ें

वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को खुद से भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें। ऐसी कोशिश जानलेवा हो सकती है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग को जानकारी दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X