रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छात्रों को मिला होमवर्क:अब तलाशेंगे 18 साल के नए मतदाता, चुनाव से पहले मतदाता सूची मजबूत करने की अनूठी पहल – School Students Will Now Help Eligible Young People In Their Homes Become Voters
नोएडा

छात्रों को मिला होमवर्क:अब तलाशेंगे 18 साल के नए मतदाता, चुनाव से पहले मतदाता सूची मजबूत करने की अनूठी पहल – School Students Will Now Help Eligible Young People In Their Homes Become Voters

November 28, 2026


School students will now help eligible young people in their homes become voters

प्रतीकात्मक तस्वीर

विस्तार

अब स्कूल की पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को एक ऐसी जिम्मेदारी मिलने जा रही है, जिसका सीधा संबंध देश के लोकतंत्र से है। किताबों में नागरिक शास्त्र पढ़ने वाले छात्र अब घर-घर में लोकतंत्र की पहली सीढ़ी यानी मतदान के अधिकार का संदेश पहुंचाएंगे। उनका नया होमवर्क होगा अपने ही परिवार में 18 साल की उम्र पूरी कर चुके उन युवाओं को तलाशना, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की इस पहल के तहत जिले के विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष घोषणा-पत्र दिया जाएगा। छात्र अपने परिवार, भाई-बहन और अन्य सदस्यों से जानकारी जुटाकर पता लगाएंगे कि कहीं कोई पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित तो नहीं है। यानी इस बार छात्रों का होमवर्क सिर्फ कॉपी-किताबों तक सीमित नहीं रहेगा। उन्हें अपने घर में यह भी देखना होगा कि 18 साल की उम्र पूरी कर चुका कोई युवा मतदाता बनने से छूट तो नहीं गया। स्कूल से शुरू होने वाली यह छोटी-सी पहल आगामी चुनाव में नए मतदाताओं को जोड़ने की बड़ी कड़ी बन सकती है।

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने जिले के 1500 से अधिक सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों को दिए जाने वाले घोषणा-पत्र में परिवार के 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के पात्र सदस्यों की जानकारी जुटानी होगी। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो उसे पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा।

18 साल पूरे, तो मतदाता बनने का मौका

अभियान के तहत पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकेगा। इस तरह विद्यार्थी अपने घर में ही नए मतदाताओं की पहचान कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने में मदद करेंगे। इस पहल की खास बात यह है कि मतदाता जागरूकता का संदेश सीधे विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों तक पहुंचेगा। जो छात्र स्कूल में मतदान का महत्व पढ़ते हैं, वे अब अपने माता-पिता और भाई-बहनों को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए प्रेरित करेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X