जयपुर:एसएमएस अस्पताल में ब्लड का सौदा, एक यूनिट के मांगे पांच हजार रुपये, आरोपी हिरासत में – Blood Deal Outside Sms Hospital, Man Detained For Demanding Rs 5,000 Per Unit
प्रदेश के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में खून के सौदे का मामला सामने आया है। अस्पताल की पुरानी इमरजेंसी के ऊपर स्थित ब्लड बैंक के बाहर रविवार दोपहर एक युवक मरीज के परिजन को एक यूनिट ब्लड पांच हजार रुपये में उपलब्ध कराने का सौदा करता मिला। मुखबिर की सूचना पर एसएमएस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक अकेले ही इस तरह की वसूली कर रहा था या अस्पताल परिसर में इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान हंसराज पुत्र रामस्वरूप गुर्जर (38) निवासी वार्ड नंबर-2, मंडावर, थाना बरौनी, जिला टोंक के रूप में हुई है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार अपराह्न करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्लड बैंक के बाहर एक युवक जरूरतमंद मरीजों के परिजनों से ब्लड उपलब्ध कराने के बदले पैसे मांग रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें बातचीत के दौरान एक युवती युवक को ब्लड बेचने को कानूनी अपराध बता रही है। इस पर युवक कथित तौर पर जवाब देता है कि ब्लड लेना भी अपराध है तो देना भी अपराध है। वह यह दावा भी करता सुनाई देता है कि वह पहले भी कई बार यहां आ चुका है और कम से कम नौ बार ब्लड देने आया है।
वीडियो में युवती जब तीन यूनिट ब्लड की जरूरत बताते हुए अन्य लोगों की व्यवस्था करने को कहती है तो युवक कथित तौर पर जवाब देता है कि यहां बहुत लोग हैं, मिल जाएंगे। इस बातचीत के बाद पुलिस को आशंका है कि जरूरतमंद मरीजों के परिजनों को निशाना बनाकर ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर वसूली की जा रही हो सकती है।
दवा के लपकों के बाद अब ब्लड के सौदागर पर शिकंजा
एसएमएस अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाने वाले लपकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। दो दिन पहले ही सीएसटी ने अस्पताल में दवाइयां बेचने वाले लपकों को पकड़ा था। अब ब्लड बैंक के बाहर कथित तौर पर खून का सौदा करने वाले युवक के पकड़े जाने से अस्पताल परिसर की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में था, अब तक कितने मरीजों के परिजनों से सौदेबाजी कर चुका है और क्या पहले भी इस तरह पैसे वसूले गए हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर सक्रिय लोगों का कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।
