रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:संगठन का पंजीकृत नहीं होना याचिका खारिज करने का आधार नहीं, हाईकोर्ट की पूर्णपीठ का बड़ा फैसला – Rajasthan High Court Full Bench Unregistered Organization Writ Petition Article 226 Verdict
जयपुर

राजस्थान:संगठन का पंजीकृत नहीं होना याचिका खारिज करने का आधार नहीं, हाईकोर्ट की पूर्णपीठ का बड़ा फैसला – Rajasthan High Court Full Bench Unregistered Organization Writ Petition Article 226 Verdict

November 28, 2026


राजस्थान हाईकोर्ट की पांच न्यायाधीशों की पूर्णपीठ ने एक महत्वपूर्ण कानूनी फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी संगठन या संघर्ष समिति का अपंजीकृत होना मात्र उसकी रिट याचिका खारिज करने का आधार नहीं हो सकता। अदालत ने कहा कि याचिका पर विचार करते समय यह देखना जरूरी है कि संगठन किसके अधिकारों के संरक्षण की मांग कर रहा है और शिकायत की वास्तविक प्रकृति क्या है। केवल पंजीकरण नहीं होने के आधार पर न्यायिक राहत देने से इनकार नहीं किया जा सकता।

राजस्थान हाईकोर्ट के 72 साल के इतिहास में पांच न्यायाधीशों की पूर्णपीठ का यह दूसरा निर्णय बताया गया है। संविधान दिवस के अवसर पर सुनाया गया यह फैसला ‘जैसलमेर जिला किसान संघर्ष समिति, जैसलमेर बनाम राज्य राजस्थान और अन्य’ मामले से जुड़ा है। हालांकि, पूर्णपीठ ने कानूनी सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने के बाद मूल याचिका को शेष मुद्दों पर सुनवाई के लिए सक्षम पीठ के पास भेज दिया है। यानी याचिका के गुण-दोष पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है।

पांच जजों की पूर्णपीठ ने सुनाया फैसला

इस मामले की सुनवाई के लिए 15 सितंबर को पांच न्यायाधीशों की पूर्णपीठ गठित की गई थी। मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस मुन्नूरी लक्ष्मण, जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा, जस्टिस बलजिंदर सिंह संधू और जस्टिस बिपिन गुप्ता शामिल थे।

पूर्णपीठ ने कहा कि अदालत को याचिकाकर्ताओं की कानूनी क्षमता के साथ याचिका दाखिल करने के पीछे उनकी निष्पक्षता और सद्भावना को भी परखना चाहिए। वर्ष 1995 के फैसले में निर्धारित शर्तों सी, डी और एफ को कठोर और अनिवार्य पूर्वशर्त मानकर यांत्रिक तरीके से लागू नहीं किया जा सकता।

30 साल पुराने फैसले पर उठे थे सवाल

इस फैसले की पृष्ठभूमि वर्ष 1995 के आरएसईबी अकाउंट एसोसिएशन मामले से जुड़ी है। उस समय पूर्णपीठ के सामने एक सीमित कानूनी सवाल रखा गया था, लेकिन फैसले में अपंजीकृत संगठनों की ओर से संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत रिट याचिका दाखिल करने की क्षमता और मौलिक अधिकारों के प्रवर्तन को लेकर व्यापक टिप्पणियां की गई थीं।

तब अदालत ने माना था कि किसी अपंजीकृत संगठन के अपने मौलिक अधिकार नहीं होते। साथ ही ऐसे संगठनों की याचिका के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई थीं। इस कानूनी दृष्टिकोण पर सवाल उठने के बाद 20 दिसंबर 1999 को खंडपीठ ने पूरे मामले को बड़ी पीठ के पास विचार के लिए भेज दिया था।

पूर्णपीठ के सामने थे तीन बड़े कानूनी सवाल

मामले की सुनवाई के दौरान तीन प्रमुख विधिक प्रश्नों पर विचार किया गया। पहला, क्या किसी संदर्भित मामले की सुनवाई कर रही पीठ अपने सामने भेजे गए सवालों से आगे बढ़कर फैसला दे सकती है? दूसरा, क्या कोई अपंजीकृत संगठन संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत रिट याचिका दायर कर सकता है? तीसरा, यदि किसी संगठन के अपने मौलिक अधिकार नहीं हैं तो क्या वह अपने सदस्यों के मौलिक अधिकारों के संरक्षण की मांग भी नहीं कर सकता?

पूर्णपीठ ने इन सवालों पर कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी संगठन के अपने मौलिक अधिकार नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि वह अपने सदस्यों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिनिधिक कार्रवाई नहीं कर सकता।

संगठन के पदाधिकारी भी बन सकते हैं सह-याचिकाकर्ता

अदालत ने स्पष्ट किया कि संगठन के अपंजीकृत होने के बावजूद उसके पदाधिकारियों को सह-याचिकाकर्ता या प्रतिनिधि के तौर पर याचिका में शामिल किया जा सकता है। ऐसे मामलों में अदालत को यह देखना होगा कि याचिका वास्तविक रूप से किसके अधिकारों की रक्षा के लिए दाखिल की गई है।

पूर्णपीठ ने बड़ी पीठ के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी स्पष्ट किया कि उसे सामान्य तौर पर अपने सामने संदर्भित किए गए कानूनी सवालों तक ही निर्णय सीमित रखना चाहिए। सभी विधिक प्रश्नों का जवाब देने के बाद अदालत ने मूल याचिका को शेष मुद्दों पर सुनवाई और निर्णय के लिए सक्षम पीठ के पास भेज दिया। अब मामले के बाकी पहलुओं पर सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X