रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:70 लाख के भूखंड पर फर्जीवाड़ा, आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारी गिरफ्तार; ऐसे बनाया फर्जी पट्टा – Jaipur Housing Board 70 Lakh Plot Fraud Three Contractual Employees Arrested
जयपुर

राजस्थान:70 लाख के भूखंड पर फर्जीवाड़ा, आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारी गिरफ्तार; ऐसे बनाया फर्जी पट्टा – Jaipur Housing Board 70 Lakh Plot Fraud Three Contractual Employees Arrested

November 28, 2026


राजस्थान आवासन मंडल में तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत से 70 लाख रुपये कीमत के भूखंड का फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने इस मामले में आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने कमीशन के लालच में भूखंड मालिक के फर्जी हस्ताक्षर और पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद भूखंड का नियमितीकरण और पट्टा अपने नाम करवाकर उसका बेचान कर दिया।

तीनों आरोपी जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित राजस्थान आवासन मंडल कार्यालय में संविदा पर कार्यरत थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फर्जी हस्ताक्षर और तस्वीर से तैयार करवाए दस्तावेज

पुलिस जांच में सामने आया कि परिवादी नरेंद्र कुमार गुप्ता को राजस्थान आवासन मंडल की ओर से एक आवासीय भूखंड आवंटित किया गया था। परिवादी ने भूखंड की निर्धारित और एकमुश्त राशि भी जमा करवा दी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने साजिश रचकर भूखंड पर कब्जा जमाने की योजना बनाई।

आरोपियों ने परिवादी के फर्जी हस्ताक्षर और उसकी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल किया। इसके बाद झूठे गवाहों और आवासन मंडल के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी इकरारनामा, मुख्त्यारनामा और वसीयतनामा तैयार करवाया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भूखंड का नियमितीकरण और पट्टा अपने हक में करवाकर उसे बेच दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर 13 मई को मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

कंप्यूटर ऑपरेटर, चपरासी और सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

पूर्वी क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है। इनमें टैगोर नगर करतारपुरा निवासी 32 वर्षीय प्रवीण उज्जैनिया, जेडीए कॉलोनी झालाना डूंगरी निवासी 43 वर्षीय अशोक कुमार बैरवा और झुंझुनूं के खेतड़ी बबाई निवासी 30 वर्षीय विकास कुमार जाट शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रवीण उज्जैनिया आवासन मंडल में कंप्यूटर ऑपरेटर, अशोक कुमार बैरवा चपरासी और विकास कुमार जाट सुरक्षा गार्ड के पद पर संविदा के तहत कार्यरत थे। तीनों पर कमीशन के लालच में फर्जी लीज डीड तैयार करने और भूखंड को खुर्द-बुर्द करने का आरोप है।

दो आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान पहले गोपाल लाल मीणा और विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने आवासन मंडल में संविदा पर काम करने वाले अपने साथियों की भूमिका का खुलासा किया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि अशोक कुमार बैरवा, विकास कुमार जाट और प्रवीण उज्जैनिया भी इस फर्जीवाड़े में सीधे तौर पर शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों कर्मचारियों की भूमिका और अपराध में संलिप्तता की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X