जयपुर:कड़ाके की सर्दी में पुलिस द्वारा आरोपियों के कपड़े उतरवाने का आरोप, कांग्रेस विधायक ने थाना घेरा; जानें – Jaipur: Allegations Of Police Forcing Accused Individuals To Strip In The Midst Of Intense Cold
जयपुर के खोह नागोरियान थाने में आरोपियों को अर्धनग्न हालत में लॉकअप में रखने का मामला सामने आने के बाद हंगामा हो गया। कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी ने थाने पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सवाल किया कि कड़ाके की सर्दी में आरोपियों के कपड़े उतरवाकर उन्हें हवालात में बैठाने का क्या नियम है? मामले ने शनिवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब गिरफ्तार लोगों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा भी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
दरअसल, पूरा मामला 23 नवंबर की देर रात शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ था। पाटियों की ढाणी में तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना पर एसआई रामफूल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने डीजे बंद कराने को कहा तो वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई।
पुलिस का आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और मोबाइल फोन तोड़ दिए। सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। एसआई की रिपोर्ट पर 24 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कदीर खान, शौकीन उर्फ मिश्रा, बाबू खान, सद्दाम खान और इकराम खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के दो वाहन और डीजे उपकरण भी जब्त किए हैं।
आरोपियों की परेड के बाद लॉकअप में रखने पर विवाद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की इलाके में परेड निकाली। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। इसके बाद उन्हें थाने के लॉकअप में अर्धनग्न हालत में रखने का मामला सामने आया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के कपड़े उतरवा दिए और कड़ाके की सर्दी में उन्हें इसी हालत में हवालात में बैठाए रखा। इसी को लेकर कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा।
थाने का घेराव, राजेंद्र गुढ़ा धरने पर बैठे
पुलिस की कार्रवाई से नाराज गिरफ्तार लोगों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस शादी समारोह के दौरान घर में घुसी और परिवार के लोगों के साथ मारपीट व अभद्रता की। उन्होंने आरोपियों की सार्वजनिक परेड निकालने और लॉकअप में कथित दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा भी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
अदालत में भी उठा सार्वजनिक परेड का मामला
आरोपियों की सार्वजनिक परेड और उनके साथ कथित मारपीट का मामला अदालत में भी पहुंचा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस से परेड को लेकर जवाब मांगा और मारपीट के आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पांच लोगों को पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं, परिजन पुलिस पर मारपीट और आरोपियों को अर्धनग्न हालत में लॉकअप में रखने का आरोप लगा रहे हैं। डीजे विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब पुलिस की कार्रवाई और हिरासत में आरोपियों के साथ किए गए व्यवहार को लेकर चर्चा में है।
इनका कहना है
अगर इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो मैं पुलिस कमिश्नरेट का घेराव करूंगा।
— रफीक खान, विधायक, आदर्श नगर, जयपुर
